कोरांव के बेलहट स्थित अटल आवासीय विद्यालय का 10वीं का परिणाम शत-प्रतिशत रहा। विद्यालय परिणाम देने के मामले में प्रदेश में अव्वल रहा लेकिन मूलभूत सुविधाओं और निर्माण कार्य के मामले में फिसड्डी है। शुक्रवार को मंडल स्तरीय अनुश्रवण समिति की बैठक में मंडलायुक्त सौम्या अग्रवाल ने काम में लापरवाही और निर्माण में देरी पर संबंधित अफसरों को जमकर फटकारा।
गांधी सभागार में हुई बैठक में बताया गया कि शैक्षणिक सत्र 2025-26 में विद्यालय का परीक्षा परिणाम 100 फीसदी रहा। इस उपलब्धि पर मंडलायुक्त ने प्रधानाचार्य, शिक्षकों और कर्मचारियों को बधाई दी। उन्होंने 10वीं में 96.6 प्रतिशत अंक पाने वाले हर्षित और 92.2 प्रतिशत अंक पाने वाली मोनिका को सम्मानित किया।
मंडलायुक्त ने कहा कि केवल परीक्षा परिणाम ही नहीं बल्कि विद्यार्थियों का सर्वांगीण विकास भी प्राथमिकता होनी चाहिए। उन्होंने बच्चों को पब्लिक स्पीकिंग, डिबेट और अन्य सह-पाठ्यक्रम गतिविधियों में भाग लेने, इंजीनियरिंग व अन्य प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए निशुल्क कोचिंग और कमजोर विद्यार्थियों के लिए ब्रिज कोर्स शुरू कराने के निर्देश दिए।
सुरक्षा और स्वच्छता से जुड़े निर्माण कार्य शुरू न होने पर मंडलायुक्त ने कार्यदायी संस्था यूपीसीडको के रवैये पर नाराजगी जताई। 10 दिनों में टेंडर प्रक्रिया पूरी कर निर्माण शुरू करने के निर्देश दिए। नगर पंचायत कोरांव को सफाई, विद्युत व्यवस्था, विद्यार्थियों के लिए अतिरिक्त खेल मैदान उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। बैठक में सीडीओ हर्षिका सिंह, उप श्रमायुक्त सुमित कुमार, विद्यालय के प्रधानाचार्य गोपाल मिश्र मौजूद रहे।