इलाहाबाद (ब्यूरो)। शहर के बेनीगंज इलाके में बदमाशों ने आभूषणों की दुकान में सेंध लगा दी। दीवार में सुराख कर घुसे बदमाशों ने कुछ गहने चुरा लिए। शनिवार सुबह घटना की जानकारी होने पर खुल्दाबाद थाने की पुलिस वहां पहुंची और मौके का निरीक्षण किया।
नई बस्ती बेनीगंज में रहने वाले श्यामदास ने बेनीगंज मोड़ के पास वैष्णव ज्वेलर्स नाम से गहनों की दुकान खोल रखी है। बृहस्पतिवार रात उन्होंने दुकान बंद की थी। शनिवार को श्यामदास ने दुकान खोली तो अंदर का नजारा देख चौंक गए। सामान तितर-बितर थे। शोकेस भी खाली थे। दीवार में सेंध लगी थी। यानी दुकान में चोरी हो गई थी। वहां भीड़ लग गई। खुल्दाबाद सब्जी मंडी चौकी प्रभारी वेदप्रकाश पांडेय ने आकर निरीक्षण किया। हालांकि चौकी प्रभारी ने तिजोरी खोली तो उसमें सभी गहने सलामत मिल गए। सिर्फ शोकेस में रखे आर्टीफीशियल आभूषण नदारद थे।