इलाहाबाद (ब्यूरो)। इलाहाबाद संग्रहालय में एक से 31 जुलाई तक आयोजित वृत्तचित्र निर्माण कार्यशाला के अंतर्गत तैयार वृत्तचित्रों का प्रदर्शन मंगलवार को किया गया। प्रतिभागियों द्वारा देश और समाज की समकालीन चिंताओं और समस्याओं पर केंद्रित छह फिल्मों बेटी-बचाओ, बेटी-पढ़ाओ, युवा, गंगा, स्वच्छ भारत, क्योंकि मैं लड़की हूं और हेपेटाइटिस-बी को सभी ने बेहद पसंद किया। वृत्तचित्र ‘युवा’ ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। ‘गंगा’ ने दूसरा और ‘स्वच्छ भारत’ ने तीसरा स्थान प्राप्त किया।
संग्रहालय निदेशक राजेश पुरोहित ने कहा कि एक माह के अंदर छह वृत्तचित्रों का निर्माण, प्रतिभागियों के परिश्रम और प्रतिभा का परिणाम है। निर्णायक की भूमिका वरिष्ठ पत्रकार अजामिल और मुश्ताक आमिर ने निभाई। कार्यक्रम में उच्च न्यायालय के न्यायमित्र अरुण कुमार गुप्ता, हसन नकवी, रंगकर्र्मी रतिनाथ योगेश्वर मौजूद रहे। संचालन डॉ. राजेश, धन्यवाद ज्ञापन और संयोजन डॉ. ओंकार वानखेड़े और सहसंयोजन डॉ. संजू मिश्र ने किया।
साहित्य अकादमी, नई दिल्ली और इलाहाबाद संग्रहालय के संयुक्त तत्वाधान में मंगलवार को इलाहाबाद संग्रहालय में पुस्तक प्रदर्शनी का उद्घाटन वरिष्ठ कथाकार प्रो. दूधनाथ सिंह ने किया। साहित्य अकादमी के प्रतिनिधि नवीन गोयल ने बताया कि प्रदर्शनी पांच से आठ अगस्त तक सुबह दस बजे से शाम पांच बजे तक खुलेगी। इसमें हिंदी, अंग्रेजी, उर्दू, संस्कृत, बांग्ला की पुस्तकें कम दामों पर उपलब्ध होंगी। उद्घाटन के दौरान संग्रहालय निदेशक राजेश पुरोहित और अन्य लोग उपस्थित रहे।