बेगम बाजार रेलवे ओवर ब्रिज (आरओबी) को वायुसेना की ओर से एनओसी मिलने की उम्मीद जग गई है। कुंभ -2019 के दौरान वायु सेना के रनवे के करीब हो रहे आरओबी के निर्माण को एनओसी न मिलने की वजह से रोकना पड़ा था। वायु सेना की उड़ानों पर असर न पड़े, इसके लिए रनवे का विस्तार करा दिया गया है। अब रनवे विस्तार में आए खर्च को उठाने के लिए सेतु निगम राजी हो गया है। इससे जल्द ही एनओसी मिलने की आस जग गई है।
एनओसी के फेर में ढाई साल से अधूरे पड़े 742 मीटर लंबे बेगम बाजार आरओबी का निर्माण अब पूरा होने का मार्ग प्रशस्त हो गया है। सेना की सहमति के बाद सेतु निगम ने इसके लिए प्रस्ताव भेज दिया है। कुंभ के दौरान वायु सेना की बिना एनओसी के ही बेगम बाजार आरओबी का निर्माण कराया जा रहा था। इस दौरान वायु सेना को जब पता चला कि रनवे के करीब बनाए जा रहे इस आरओबी से उड़ानों पर असर पड़ सकता है, तब निर्माण रोकवा दिया गया था। इसके बाद वायु सेना ने रनवे का विस्तार पूरब की ओर करा दिया है।
अब रनवे विस्तार में आई लागत को सेतु निगम उठाएगा। इसके लिए राज्य सेतु निगम ने 45 करोड़ रुपये का प्रस्ताव रक्षा मंत्रालय को भेज दिया है। रविवार को सेतु निगम के अधिकारियों ने इसकी पुष्टि की। नाम न छापने के आग्रह पर सेतु निगम के एक अफसर ने बताया कि सैद्धांतिक सहमति बन गई है। रनवे विस्तार के लिए आने वाले खर्च के भुगतान के लिए प्रस्ताव भी भेज दिया गया है।
हफ्ते भर के भीतर एनएओसी मिल सकती है। एनओसी मिलने के बाद इस आरओबी के बचे हुए 10 फीसदी काम को पूरा कराया जाएगा। कुंभ के दौरान 38 करोड़ रुपये की लागत से इस आरओबी का निर्माण कराया जा रहा था। उन दिनों वायु सेना ने इस आरओबी को बम्हरौली एयरपोर्ट की सुरक्षा के लिहाज से अनुचित बताया था। तब राज्य सरकार की उच्चस्तरीय कमेटी ने रक्षामंत्रालय से कई दौर की वार्ता की थी, लेकिन इसका समाधान नहीं निकल सका था।