रक्षाबंधन से पहले ही दो बहनों के इकलाैते भाई की सड़क हादसे में माैत हो गई। जानकारी मिलने पर बहनें भी बेसुध हो गईं। राखी की सारी तैयारी धरी रह गईं और खुशियों का त्योहार मातम में बदल गया। हादसे का शिकार अखिलेश (40) अपने भांजे हर्ष के विवाह के लिए लड़की देखने गए थे। शुक्रवार की देर रात घर लौटते समय फूलपुर-सहसों हाईवे पर अचानक कुत्ता आने से बाइक अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गई। सिर में चोट आने से अखिलेश की मौके पर ही मौत गई। साथ ही भांजे हर्ष को भी चोट आई।
झूंसी थाना क्षेत्र की आवास विकास कॉलोनी योजना दो निवासी हरिहरनाथ सिंह के तीन बेटों में अखिलेश सिंह उर्फ गुड्डू सबसे छोटे थे। अखिलेश के दो भाइयों की पहले ही मौत हो चुकी थी। यही नहीं अखिलेश की पत्नी की भी मौत हो चुकी है। परिजनों के मुताबिक, अखिलेश आयुर्वेदिक दवाओं का काम करते थे। रक्षाबंधन पर्व पर भाई का शव देख बहन आरती और सुनीता फफक पड़ीं। दोनों बहनें भाई के शव से लिपटकर फूट-फूटकर रोते-रोते बेहोश हो गईं। बमुश्किल परिजनों ने उन्हें संभाला। दोपहर बाद दारागंज घाट पर शव का अंतिम संस्कार किया गया।