इविवि प्रवेश परीक्षा में धांधली के मामले में सलोरी इलाके में सभा करती इविवि की छात्रनेता ऋचा सिंह। इस दौरान सभा स्थल पर हुई बमबाजी के कारण अफरातफरी मच गई।
- फोटो : अमर उजाला ब्यूरो, इलाहाबाद
इलाहाबाद विश्वविद्यालय की छात्रनेता की सभा रविवार को ईश्वर शरण डिग्री कॉलेज के सामने थी। लेकिन इससे पहले ही जमकर हंगामा हुआ। आरोपी विरोधी गुट के लोगों ने कार्यक्रम शुरू होने से पहले उपद्रव कर दिया। बमबाजी और पथराव किया गया। जिसमें एक समर्थक को छर्रा लगा है। छात्रनेता की गाड़ी में तोड़फोड़ हुई। पुलिस के पहुंचने के बाद अध्यक्ष ने सभा की।
इलाहाबाद विश्वविद्यालय प्रवेश परीक्षा में अनियमितता को लेकर छात्रनेता ऋचा सिंह विवि प्रशासन के खिलाफ प्रदर्शन कर रही हैं। सोमवार को होने वाले विरोध प्रदर्शन को लेकर वह छात्रों से समर्थन की मांग को लेकर रविवार शाम को ईश्वर डिग्री कॉलेज के पास सभा करने वाली थी। आरोप है कि छात्रनेता की सभा शुरू होने के पहले विरोधी गुट के दर्जन भर लोग आ गए। सभास्थल पर बवाल करने लगे। मंच तोड़ दिया। छात्रनेता की गाड़ी पर पथराव किया गया। मौके पर बमबाजी का भी आरोप है। छात्रनेता के मुताबिक दो समर्थक छर्रा लगने से घायल हैं। बवाल की सूचना पर कर्नलगंज पुलिस पहुंची। तब सभा हुई। सभा के बाद छात्रनेता मामले की तहरीर लेकर कर्नलगंज थाने पहुंची। उनका कहना है कि जब तक पुलिस आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट नहीं लिखेगी वह थाने से नहीं हटेंगी। चौकी प्रभारी गणेश सिंह ने बताया कि बिना अनुमति के सभा हो रही थी। बमबाजी और पथराव की बात गलत है।