प्रयागराज। केंद्र सरकार के निर्णय की जानकारी पर मंगलवार को टीकाकरण केंद्रों पर 18 से 44 आयु वर्ग के उन सैकड़ों लोगों को मायूसी हुई जिन्होंने पंजीकरण नहीं कराया था। केंद्रों के नोडल प्रभारियों ने बिना स्लॉट बुक कराए टीकाकरण कराने आए लोगों को लौटा दिया। शहरी केंद्रों पर ऐसे लोगों की संख्या ज्यादा रही। वहीं जिले के 97 केंद्रों पर 11645 लोगों ने कोरोना से बचाव को टीकाकरण कराया।
नोडल अधिकारी प्रतिरक्षण एसीएमओ डॉ. आरएस ठाकुर के मुताबिक कुल 11645 लोगों ने टीकाकरण कराया। इनमें 18 से 45 आयु वर्ग के 9376 लोग शामिल हैं। वहीं 45 वर्ष से अधिक आयु वाले कम संख्या में केंद्रों तक पहुंच रहे हैं। मंगलवार को कुल 91 लोगों ने दूसरी बूस्टर डोज लगवाई। अफसरों का मानना है कि दूसरा टीका लगवाने की अवधि बढ़ा देने से बूस्टर डोज लगवाने वाले अब कम संख्या में केंद्रों तक पहुंच रहे हैं।
12 मुख्य बाजार चिह्नित, अभियान चलाकर लगाएंगे कोरोना टीका
स्वास्थ्य विभाग ने 45 से 59 और 60 वर्ष से अधिक आयु वालों को कोरोना का टीका लगाने के लिए अभियान चलाने का निर्णय लिया है। इसके लिए ग्रामीण इलाकों के हंडिया, हनुमानगंज, नवाबगंज सहित जिले के 12 मुख्य बाजारों को चिह्नित किया गया है। नोडल अधिकारी आरएस ठाकु्र के मुताबिक संबंधित क्षेत्रों के स्वास्थ्य कार्यकर्ताओं को गांव-गांव, घर-घर जाकर बुजुर्गों को टीकाकरण कराने के लिए प्रेरित कर केंद्रों तक लाने की जिम्मेदारी दी गई है। जल्द ही बाजारों में टीकाकरण केंद्रों की स्थापना चलाकर टीका लगाया जाएगा।
18 पार वालोें के लिए शासन का नहीं आया निर्देश
केंद्र के निर्णय पर अभी प्रदेश सरकार ने 18 पार वालों के लिए स्पॉट रजिस्ट्रेशन के संबंध में गाइड लाइन जारी नहीं की गई है। जानकार बताते हैं कि इसके लिए पोर्टल में संशोधन करना होगा, जो नहीं किया जा सका है। व्यवस्था इस प्रकार की जाएगी कि जिन केंद्रों पर स्लॉट बुक कराने वाले नहीं पहुंचेंगे वहां तीन बजे के बाद नोडल अधिकारी वैक्सीन की बची या खुली वायल को उपयोग करने के लिए पहले से बुक उन लोगों का पंजीकरण निरस्त करेंगे, जो केंद्रों पर टीका लगवाने नहीं पहुंचे, फिर नए लोगों को मौका दिया जाएगा। ऐसा तभी संभव होगा जब पोर्टल पर संशोधन कर नई व्यवस्था लागू की जानेे की व्यवस्था की जाएगी।
दो महीने बाद सीएचसी, पीएचसी पर बच्चों का आज से होगा नियमित टीकाकरण
प्रयागराज। कोरोना संक्रमण से बच्चों को बचाने के लिए स्थगित नियमित टीकाकरण अभियान बुधवार से जिले के सभी सीएचसी, पीएचसी पर पूर्व की भांति संचालित किया जाएगा। सीएमओ डॉ. प्रभाकर राय के मुताबिक बुधवार से बच्चों को गंभीर बीमारियों से बचाव के लिए टीके लगाए जाएंगे। टीकाकरण सत्र बुधवार और शनिवार को आयोजित किए जाएंगे। आशा, एएनएम को निर्देश दिए गए हैं कि कोरोना संक्रमण काल में छूटे बच्चों का टीकाकरण अनिवार्य रूप से कराया जाए।