इलाहाबाद। मध्य प्रदेश के हरदा में मंगलवार रात इटारसी-मुंबई रेलवे ट्रैक पर कामायनी और जनता एक्सप्रेस के पटरी से उतरने की घटना के बाद रेलवे ने आज इलाहाबाद से मुंबई जाने वाली तुलसी और कामायनी एक्सप्रेस निरस्त कर दी। अचानक एक साथ दो प्रमुख ट्रेनों के निरस्त होने की खबर मिलते ही जंक्शन पर यात्री भड़क गए। यात्री डिप्टी एसएस कार्यालय पहुंच गए। यहां यात्रियों ने खूब शोर शराबा किया। तुलसी एक्सप्रेस के यात्री अड़ गए कि ट्रेन को चलाया जाए। यात्रियों का तर्क था कि जैसे अन्य ट्रेनों का डायवर्ट किया जा रहा है वैसे ही तुलसी को भी बदले हुए रास्ते से चलाया। इस वजह से जंक्शन पर काफी देर तक अफरा तफरी का माहौल बना रहा।
इलाहाबाद से मुंबई जाने वाले ज्यादातर यात्री दूरंतो के साथ तुलसी एक्सप्रेस को भी तरजीह देते हैं। तुलसी का संचालन सप्ताह में दो दिन होता है। बुधवार को इसकी रवानगी के समय से पहले ही तमाम यात्री जंक्शन पहुंच गए, लेकिन वहां पहुंचने पर उन्हें मालूम हुआ कि ट्रेन रेलवे ने निरस्त कर दी है। अचानक ट्रेन के निरस्तीकरण की बात सुनकर यात्री भड़क गए। कुछ यात्रियों ने प्लेटफार्म पर ही नारेबाजी शुरू कर दी। जबकि कुछ यात्री डिप्टी एसएस कार्यालय पहुंच गए। यहां यात्रियों को मध्य प्रदेश में हुए हादसे के बारे में बताया गया।
कहा गया कि हादसे की वजह से ही तुलसी निरस्त की गई है। इस बीच कुछ यात्रियों ने कहा कि ट्रेन इलाहाबाद से हर हाल में चलाई जाए और इटारसी के बाद उसे बदले हुए रूट से मुंबई ले जाया जाए। बाद में रेल कर्मियों के काफी समझाने के बाद ही यात्री शांत हुए। इस दौरान रेलवे की ओर से यात्रियों को उनका रिफंड भी लौटाया गया। उधर शाम को कामायनी एक्सप्रेस के भी निरस्त होने की सूचना से यात्री खासे नाराज हो गए। काफी यात्री डिप्टी एसएस कार्यालय पहुंचे, लेकिन वहां रेलकर्मियों के समझाने के बाद यात्री शांत हो गए।