इलाहाबाद। सावन में देवाधिदेव महादेव के जलाभिषेक के लिए उनके भक्त कांवड़ियों का तांता दारागंज के दशाश्वमेधघाट में लगा हुआ है। गंगाजल भरकर बाबा विश्वनाथ के दरबार में जलाभिषेक को जाने वाली कांवड़ियों की भीड़ से अलग डाकबम का जत्था है। जो बिना रुके सावन के दूसरे सोमवार को बाबा विश्वनाथ का जलाभिषेक करेंगे।
सफेद पोशाक, बिना रुके, पैदल चल कर जाने वाले डाक बम कांवाड़ियों की टोली में इंटर के छात्र महेश, राजा बाबू यादव, महेंद्र कुमार, बीए छात्र प्रदीप, दिलीप और नवीं के छात्र संदीप, विवेक कुमार आदि हैं, जो पहली बार बतौर डाक बम बाबा विश्वनाथ के दरबार में जलाभिषेक के लिए गंगा जल लेने दशाश्वमेध घाट पहुंचे। हंडिया से आए पंद्रह से बाइस वर्ष की आयु वर्ग के इन युवाओं का मानना है कि बाबा विश्वनाथ उनकी सुनेंगे और उनका जीवन सुखमय होगा।