फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Prayagraj : ट्रिपलआईटी के हॉस्टल के चौथी मंजिल से बीटेक के छात्र ने कूदकर दी जान, दूसरे की संदिग्ध दशा में मौत

Sun, 30 Mar 2025 11:21 AM IST
विनोद सिंह अमर उजाला नेटवर्क, प्रयागराज

सार

रविवार की रात ट्रि्पल आईटी में दो छात्रों की मौत हो गई। एक ने छात्रावास की चौथी मंजिल से छलांग लगाकर जान दे दी तो दूसरे की संदिग्ध दशा में मौत हो गई। इससे परिसर में छात्रों ने जमकर हंगामा किया। तेलंगाना के रहने वाले मूक बधिर छात्र ने ट्रिपलआईटी छात्रावास की चौथी मंजिल से कूदकर जान दे दी। आत्महत्या के कारणों का पता नहीं चल सका है। वह बीटेक इन्फार्मेशन प्रथम वर्ष का छात्र था।
विज्ञापन
आईआईआईटी प्रयागराज। - फोटो : अमर उजाला।
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

भारतीय सूचना प्रौद्योगिकी संस्थान (ट्रिपलआईटी) प्रयागराज में शनिवार को बीटेक के दो छात्रों की मौत हो गई। तेलंगाना के मूक-बधिर राहुल चैतन्य (20) ने देर रात हॉस्टल की चौथी मंजिल से छलांग लगाकर आत्महत्या कर ली। जबकि, इससे पहले अखिल कात्रावत (20) ने अचानक तबीयत बिगड़ने के बाद अस्पताल में दम तोड़ दिया। जानकारी पर भड़के छात्राें ने संस्थान प्रबंधन पर उत्पीड़न समेत अन्य आरोप लगाकर सुबह तक हंगामा किया।
विज्ञापन


तेलंगाना के नजीमाबाद निवासी राहुल चैतन्य बीटेक इनफॉर्मेशन टेक्नोलॉजी का छात्र था और बॉयज हॉस्टल-पांच में रहता था। मां स्वर्णलता ने बताया कि शनिवार रात 11:58 बजे पर उसने फैमिली ग्रुप में मैसेज किया कि वह दुनिया छोड़ रहा है। उन्होंने ट्रिपलआईटी में ही पढ़ने वाले अपने गांव के मणि नामक छात्र को फोन कर इसकी जानकारी दी।

मणि कमरे में पहुंचा तो राहुल नहीं था। वह उसे ढूंढ़ने लगा और इसी दौरान शोर मचा कि किसी छात्र ने हॉस्टल के चौथे मंजिल से कूदकर जान दे दी है। वह मौके पर पहुंचा तो देखा कि छलांग लगाने वाला छात्र राहुल था, जो बेहद गंभीर हाल में पड़ा था। उसे एसआरएन अस्पताल ले जाया गया, जहां उसे मृत घोषित कर दिया गया।
विज्ञापन


यह भी पढ़ें-  कमांडर वर्क इंजीनियर हत्याकांड: अफसर के आवास के चप्पे-चप्पे से वाकिफ था हत्यारा, दीवार फांदकर आया था कैंपस में    



उधर, इससे पहले रात करीब आठ बजे झलवा स्थित निजी अस्पताल में बीटेक आईटी के ही तेलंगाना के नजीमाबाद निवासी छात्र अखिल की मौत हो गई। 25 मार्च को ही वह ग्वालियर में इंटर ट्रिपलआईटी प्रतियोगिता में हिस्सा लेकर आया था। साथी छात्रों ने बताया कि इसके बाद से ही उसकी तबीयत खराब थी। शनिवार को तबीयत बिगड़ने पर उसे अस्पताल भेजा गया, जहां उसकी मौत हो गई।

वहीं, दो साथियों की मौत की खबर मिलने पर छात्र भड़क उठे। उन्होंने हॉस्टल गेट पर ही हंगामा शुरू कर दिया। वह फैकल्टी पर उत्पीड़न, दबाव बनाने व संस्थान में सुविधाएं नहीं मिलने जैसे आरोप लगा रहे थे। मौके पर पहुंचे संस्थान के प्रोफेसरों व अफसरों ने समझाने की कोशिश की, लेकिन वह नहीं माने। सुबह छह बजे तक छात्र प्रदर्शन करते रहे और फिर बहुत समझाने पर शांत हुए।
विज्ञापन

सेमेस्टर परीक्षा में आया था बैक

पिता कृष्ण प्रसाद ने बताया कि पांच महीने पहले ही राहुल का दाखिला हुआ था। तीन विषयों में फेल होने की वजह से उसका सेमेस्टर परीक्षा में बैक लग गया था। हालांकि, वह इसे लेकर परेशान है, यह कभी नहीं बताया। आरोप लगाया कि संस्थान के शिक्षकों ने बताया कि राहुल की अटेंडेंस भी शाॅर्ट थी। वह तीन महीने से कक्षा में नहीं आ रहा था, हालांकि इसकी सूचना कभी उन्हें या उसकी मां को नहीं दी गई। उन्होंने बताया कि रविवार को राहुल का बर्थडे था।

एक छात्र ने खुदकुशी की है, दूसरे की बीमारी से मौत की बात बताई जा रही है। सुसाइड करने वाले छात्र का पोस्टमार्टम कराया गया है। दूसरे का पीएम सोमवार को होगा। - अभिषेक भारती, डीसीपी नगर

संस्थान की ओर से दो जांच कमेटियां गठित

ट्रिपलआईटी के पीआरओ पंकज मिश्रा ने बताया कि छात्र की खुदकुशी की घटना दुर्भाग्यपूर्ण है। दिव्यांग छात्रों के लिए संस्थान की ओर से सभी आवश्यक व्यवस्थाएं की गई हैं। जानकारी में आया है कि छात्र ने अपनी मां को एकेडमिक प्रेशर में होने की बात मैसेज में भेजी है। मामले में कार्यवाहक निदेशक ने तीन वरिष्ठ प्रोफेसरों की फैक्ट फाइंडिंग कमेटी गठित की है। जिसे एक हफ्ते में रिपोर्ट देने को कहा गया है। एक फैक्ट फाइंडिंग सब कमेटी भी गठित की गई है, जो छात्रों की ओर से उठाई गई समस्याओं और मुद्दों पर जांच कर रिपोर्ट देगी।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें