अरैल में आईआरसीटीसी का महाकुंभ ग्राम तैयार, बुकिंग शुरू
महाकुंभ के लिए करीब 3000 ट्रेनें चलाने के साथ रेलवे पर्यटकों एवं श्रद्धालुओं को संगम क्षेत्र में आधुनिकतम सुविधाओं वाला टेंट भी उपलब्ध कराएगा। आईआरसीटीसी की ओर से अरैल में महाकुंभ ग्राम का निर्माण कराया गया है। इसके लिए 10 जनवरी से 28 फरवरी तक के लिए बुकिंग कराई जा सकती है। महाकुंभ ग्राम नामक इस टेंट सिटी में पर्यटकों को रहने तथा खान-पान के साथ की विश्वस्तरीय सुविधाएं दी जाएंगी। इसमें लग्जरी टेंट सुपर डीलक्स और विला उपलब्ध होंगे। जिनका किराया 18,000 से 20,000 रुपये प्रतिदिन होगा। इनके लिए आईआरसीटीसी की वेबसाइट
www.irctctourism.com/mahakumbhgram के अलावा पर्यटन विभाग के महाकुंभ एप पर बुकिंग की जा सकती है।
महाकुंभ के प्रतीकों वाली वस्तुओं की बिक्री में 25 फीसदी तक इजाफा
महाकुंभ शहर के व्यापारियों के लिए भी बड़े अवसर के रूप में सामने आया है। महाकुंभ के प्रतीकों वाले उत्पादों की बिक्री में 25 फीसदी तक की बढ़ोतरी हुई है।
कंफेडरेशन ऑफ ऑल ट्रेडर्स के यूपी के अध्यक्ष महेंद्र गोयल का कहना है कि अयोध्या में रामलला की प्राण प्रतिष्ठा के समय राम मंदिर और सनातन से जुड़े प्रतीकों वाले उत्पादों की बाजार में मांग की बाढ़ सी आ गई थी। वही स्थिति अब महाकुंभ के प्रतीकों वाले उत्पादों की है।
इसी रुझान को देखते हुए झोलों और मिठाई के डिब्बों पर महाकुंभ के लोगो लगाए जा रहे हैं। पेन, डायरी और नए साल के उपहार आदि को भी महाकुंभ के लोगो से जोड़ दिया गया है, इससे उनकी मांग बढ़ गई है। इससे उत्पादों की बिक्री में 20 से 25 फीसदी की उछाल आ गई है। आने वाले समय में इसके और बढ़ने का अनुमान है।
जूट और कॉटन के थैलों के थोक विक्रेता गोपाल पांडे का कहना है कि इस बार प्लास्टिक मुक्त महाकुंभ है। इससे जूट और कॉटन के थैलों की मांग बढ़ गई। इन बैग्स पर भी दिव्य और भव्य महाकुंभ के प्रतीक प्रिंट किए जा रहे हैं, जिनकी अच्छी मांग आ रही है। अब तक 25 हजार से अधिक महाकुंभ के लोगो वाले बैग्स की मांग आ चुकी है।