प्रयागराज। इविवि एवं संघटक महाविद्यालयों में प्रवेश के लिए परीक्षाएं 26 सितंबर से शुरू होने जा रही हैं और पांच अक्तूबर तक चलेंगी। सबसे पहले स्नातक और अंत में पीजीएटी-2 एवं इंस्टीट्यूट ऑफ प्रोफेशनल स्टडीज (आईपीएस) के तहत संचालित पाठ्यक्रमों की प्रवेश परीक्षाएं होंगी। प्रवेश परीक्षा दो पालियों सुबह 9.30 से 11.30 और दोपहर दो से शाम चार बजे तक आयोजित की जाएगी। इस बीच स्नातक का परिणाम जारी करते हुए छह अक्तूबर से ऑनलाइन प्रवेश की प्रक्रिया शुरू किए जाने की तैयारी है।
प्रवेश परीक्षा तीन चरणों में होगी। पहले चरण में स्नातक एवं बीएएलएलबी की प्रवेश परीक्षाएं होंगी, जो ऑफलाइन और ऑनलाइन दोनों मोड में होंगी। दूसरे चरण में पीजीएटी-1, एलएलबी, एलएलएम और एमकॉम की परीक्षाएं होंगी। यह परीक्षा भी ऑफलाइन और ऑनलाइन दोनों मोड में होंगी, जबकि तीसरे चरण में पीजीएटी-2 और आईपीएस के विभिन्न पाठ्यक्रमों की प्रवेश परीक्षाएं केवल ऑनलाइन मोड में आयोजित की जाएंगी। 26 सितंबर को पहली पाली में बीएससी गणित, बीएससी बायो और दूसरी पाली में बीकॉम, बीएससी होम साइंस, 27 सितंबर को पहली पाली में बीए/बीएफए/बीपीए और दूसरी पाली में बीएएलएलबी की प्रवेश परीक्षाएं होंगी।
29 सितंबर को दूसरी पाली में एलएलबी तीन वर्षीय पाठ्यक्रम, 30 सितंबर को पहली पाली में पीजीएटी-1 और दूसरी पाली में एलएलएम एवं एमकॉम की प्रवेश परीक्षा होगी, जबकि एक, तीन, चार एवं पांच अक्तूबर को पहली एवं दूसरी पाली में पीजीएटी-2 और आईपीएस के विभिन्न पाठ्यक्रम प्रवेश परीक्षाएं आयोजित की जाएंगी। प्रवेश प्रकोष्ठ के निदेशक प्रो. प्रशांत अग्रवाल का कहना है कि कोविड-19 के मद्देनजर इस बार प्रवेश प्रक्रिया को पूरी तरह से ऑनलाइन करने का प्रयास हो रहा है, ताकि प्रवेश परीक्षा की मेरिट में शामिल छात्रों को इविवि के प्रवेश भवन तक न आना पड़े और वे घर बैठे प्रवेश ले सकें।
बीए में प्रवेश के लिए सबसे अधिक दावेदार
इविवि एवं संघटक कॉलेजों में प्रवेश के लिए कुल एक लाख 30 हजार 661 दावेदार हैं और इनमें सबसे अधिक 32 हजार 257 दावेदारों ने बीए में प्रवेश के लिए आवेदन किए हैं। बीएससी के लिए 25102, बीकॉम के लिए 10169, बीएएलएलबी के लिए 8054, एलएलबी के लिए 14609, एलएलएम के लिए 3688, एमबीए के लिए 1569 एमएड के लिए 1195, परास्नातक के लिए 19117 और आईपीएस के विभिन्न पाठ्यक्रमों में प्रवेश के लिए 2344 दावेदार हैं।
प्रवेश परीक्षा के लिए बनाए गए 104 केंद्र
प्रवेश परीक्षा के लिए कुल 104 केंद्र बनाए गए हैं, जिनमें 58 ऑफलाइन और 46 ऑनलाइन परीक्षा केंद्र होंगे। वहीं, प्रयागराज में कुल 53 परीक्षा केंद्र होंगे, जिनमें 37 ऑफलाइन और 16 ऑनलाइन केंद्र होंगे। प्रयागराज, लखनऊ, वाराणसी, झांसी, गोरखपुर, कानुपर, पटना, नई दिल्ली में ऑनलाइन और ऑफलाइन दोनों प्रकार के परीक्षा केंद्र बनाए जाएंगे। जबकि बंगलुरू, कोलकाता, तिरुवनंतपुरम में केवल ऑनलाइन परीक्षा केंद्र होंगे।