मीरगंज। तीसरी बेटी होने पर बौखलाए पिता ने नवजात की हत्या की कोशिश की। प्रसूता के चीखने पर चौकीदार ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस के पीछा करने पर आरोपी नवजात को पेट्रोल पंप के पास फेंककर फरार हो गया। फिलहाल नवजात स्वस्थ है। हालांकि, पुलिस घटना से इन्कार कर रही है। सीएचसी स्टाफ के मुताबिक थाना क्षेत्र के एक गांव की रहने वाली गर्भवती को रविवार देर शाम अस्पताल लाया गया था। अस्पताल में उसने बच्ची को जन्म दिया। उसके दो बेटियां पहले से हैं। आरोप है कि तीसरी बेटी पैदा होने पर पिता ने आपा खो दिया। प्रसूता के बेड से नवजात को उठाकर वह जिंदा दफन करने की बात कहकर उसे ले गया।
प्रसूता के चिल्लाने पर चौकीदार ने इसकी सूचना पुलिस को दी। पुलिस को पीछा करते देख आरोपी बेटी को पेट्रोल पंप के पास फेंककर भाग गया। पुलिस नवजात को लेकर सीएचसी पहुंची। यहां डाॅक्टरों ने उसका परीक्षण किया। थाना प्रभारी हरेंद्र सिंह ने बच्ची को दफनाने के लिए ले जाने की बात से इन्कार किया है। उन्होंने बताया कि युवक अपनी बच्ची को गोद में लेकर बाहर गया था। मां को गलतफहमी हो गई। बच्ची फिलहाल मां के पास है।