क्षेत्र के कचारी गांव में एक युवक को वजनदार हथियार से हमला कर मौत के घाट उतार दिया गया। मृतक के भाई ने थाने में नामजद मुकदमा दर्ज कराया है। पुलिस आरोपियों की तलाश कर रही है।
थाना क्षेत्र के कचारी गांव का रहने वाला दिनेश आदिवासी पुत्र रामलाल आदिवासी घर से कुछ दूर शौच के लिए गया था। वहीं किसी ने दिनेश की गर्दन पर वजनदार हथियार से प्रहार कर दिया। जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। स्थानीय लोगों ने युवक को खून में लथपथ देखा तो उनके घरवालों को सूचना दी। घायल को अस्पताल ले जाया जा रहा था, लेकिन रास्ते में ही उसकी मौत हो गई। सूचना से क्षेत्र में हड़कंप मच गया। हत्या का कारण स्पष्ट नहीं हो सका है। मृतक के भाई फूलचंद ने शंकरगढ़ थाने में तहरीर देकर आरोप लगाया है कि उसका भाई जंगल में शौच के लिए गया था, तभी रमेश भारतीय पुत्र राम बहादुर निवासी लौंदकला (बघला) ने उसके ऊपर वजनदार वस्तु से वारकर उसकी हत्या कर दी।
शंकरगढ़ पुलिस हत्या का मामला दर्ज कर आरोपी की तलाश में जुट गई है। पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। घटना की जानकारी होते ही पुलिस अधीक्षक यमुनापार चक्रेश मिश्रा व क्षेत्राधिकारी बारा अजीत कुमार रजक मौके पर पहुंचे। छानबीन के बाद आरोपी की गिरफ्तारी का निर्देश दिया। एसपी यमुनापार चक्रेश मिश्रा ने बताया कि मृतक के भाई की तहरीर पर मामला दर्ज कर जांच की जा रही है। आरोपी की तलाश की जा रही है।