बकाया मजदूरी मांगने को लेकर हुए विवाद के बाद 50 बार चाकू से घोंपकर अमन (38 वर्ष) की हत्या की गई थी। बृहस्पतिवार को पोस्टमार्टम के दौरान शरीर पर जख्म देखकर चिकित्सक भी दंग रह गए। मामले में मुख्य आरोपी सुरेश को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। वारदात बुधवार की रात नवाबगंज थाना क्षेत्र के निंदूरा गांव में एक शादी समारोह के दौरान हुई। घटनाक्रम के अनुसार, नवाबगंज थाना क्षेत्र के निंदूरा गांव निवासी इंद्रपाल की बेटी की बुधवार को बरात आई थी। इसमें प्रतापगढ़ के सिया बाघराय निवासी इंद्रपाल का साढ़ू आरोपी सुरेश के अलावा मृतक अमन भी शामिल हुआ।
मृतक के भाई की ओर से दी गई तहरीर में बताया गया कि आरोपी सुरेश बिहार में भट्ठे पर लेबर सप्लाई का काम करता है। उसने अमन को भी काम के लिए भेजा था, लेकिन मजदूरी कराने के बाद दो माह का बकाया 12 हजार रुपये रोक लिया था। बुधवार को जब शादी समारोह के दौरान अमन ने सुरेश से बकाया राशि मांगी तो वह भड़क गया। इसे लेकर हुए विवाद में आरोपी ने चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर अमन को मौत के घाट उतार दिया। तहरीर के आधार पर पुलिस ने मुख्य आरोपी सुरेश और उसके बेटे आर्यन के खिलाफ केस दर्ज किया है। दूसरी ओर बृहस्पतिवार को अमन के शव का पोस्टमार्टम किया गया। इस दौरान मृतक के सिर से लेकर पेट तक करीब 50 से अधिक चाकू के निशान मिले।