फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

प्रयागराज में दबिश देने गई पुलिस टीम पर हमला, दरोगा समेत दो जख्मी

Sat, 08 Jun 2019 12:47 AM IST
विनोद सिंह न्यूज डेस्क, अमर उजाला, प्रयागराज
विज्ञापन
prayagraj - फोटो : प्रयागराज
विज्ञापन
घूरपुर के इरादतगंज में शुक्रवार रात बदमाशों ने दुस्साहसिक वारदात को अंजाम दिया। यहां एक मकान में दबिश देने गई टीम पर हमला बोल दिया गया। पथराव के बाद फायरिंग की गई, जिसमें दरोगा समेत दो लोग घायल हो गए। इस दौरान बदमाश और उसके साथी भाग निकले। तलाशी के दौरान पुलिस को उस मकान से मैगजीन, कारतूस समेत अन्य सामान मिले हैं, जहां बदमाश के छिपे होने की सूचना थी। अफसरों ने बताया कि मौके से एक व्यक्ति को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। 
विज्ञापन


इरादतगंज फ्लाईओवर के बगल में ही रिटायर दरोगा एसपी सिंह का मकान है। यहां उनका बेटा जगुल किशोर सिंह उर्फ राजू परिवार समेत रहता है। साथ ही कई किरायेदार भी रहते हैं। पुलिस का कहना है कि हाल ही में बारा क्षेत्र में हुई आपराधिक वारदातों में शातिर अपराधी अशोक कोल का नाम आया था। बारा पुलिस उसकी तलाश में जुटी थी। शुक्रवार शाम मुखबिर से सूचना मिली कि वह जसरा स्थित एक दुकान में कपड़े खरीदने पहुंचा है। पुलिस टीम वहां पहुंची तो वह भागने लगा जिस पर पुलिस टीम ने उसका पीछा कर लिया। भागते हुए बदमाश रिटायर दरोगा के मकान में जाकर छिप गया। पुलिस ने मकान की घेराबंदी करते हुए भीतर घुसने का प्रयास किया तो बदमाश व उसके साथियों ने पथराव शुरू कर दिया। इसमें बारा थाने के एसएसआई अर्जुन लाल घायल हो गए।

इसके साथ ही पुलिस के साथ पहुंचा रविंद्र तिवारी भी जख्मी हो गया। पथराव के दौरान ही बदमाशों ने फायरिंग भी की। फायरिंग होते देख पुलिस टीम पीछे हटी और इस दौरान मौका पाकर बदमाश साथियों संग भाग निकला। सूचना मिली तो एसपी यमुनापार के साथ ही घूरपुर थाने की फोर्स पहुंच गई। मकान की तलाशी ली गई, जहां पिस्टल की मैगजीन, 10 कारतूस, बाइक, आठ एटीएम कार्ड बरामद हुए। मौके से एक कैमरा भी बरामद हुआ, जिसके बारे में पुलिस का कहना है कि कुछ दिन पहले बारा में इसे लूटा गया था। जांच के दौरान मिले मकान मालिक राजू के भाई अशोक सिंह को हिरासत में लेकर थाने लाया गया, जहां देर रात तक उससे पूछताछ चलती रही। 
विज्ञापन


पुलिस का कहना है कि जांच में यह बात सामने आई है कि बदमाश अशोक कोल रिटायर दरोगा के मकान में पुलिस से छिपकर किराये पर रहता था। साथ ही यहां उसके कुछ साथी भी रहते थे। अब तक कि जांच से यह भी पता चला है कि मकान मालिक राजू की मदद से ही शातिर अपराधी यहां छिपकर रह रहा था, जो खुद भी मौके से भाग निकला है। उधर, तलाशी के दौरान घर में मिली उसकी बेटी ने बताया कि उसके मां मायके व पिता बाहर गए हैं। 

शातिर अपराधी अशोक कोल की तलाश में पुलिस टीम दबिश देने पहुंची थी। खुद को घिरता देख बदमाश व उसके साथियों ने फायरिंग व पथराव किया। जिसमें दरोगा घायल हुए हैं। बदमाशों की तलाश की जा रही है। - दीपेंद्रनाथ चौधरी, एसपी यमुनापार
विज्ञापन
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें