Attack on BSC students in employment fair
मेजा। सिरसा के लाला लक्ष्मी नारायण डिग्री कॉलेज के परिसर में बुधवार को लगाए गए रोजगार मेले में हिस्सा लिए बीएससी के छात्रों पर कुछ अराजकतत्वों ने हमला बोल दिया। लाठी-डंडे से लैस हमलावरों ने इस कदर छात्रों को पीटा कि वे लहूलुहान हो गए। सूचना पर मौके पर पहुंची सिरसा पुलिस ने मामले की जानकारी लेते हुए हमलावरों की तलाश शुरू कर दी लेकिन वे मिले नहीं। घायल छात्रों की तहरीर पर पुलिस ने कार्रवाई का आश्वासन दिया है।
पुलिस को दी गई तहरीर के मुताबिक सिरसा के एलएलएनडीसी के परिसर में लगाए गए रोजगार मेले में बीएससी के छात्र हिस्सा लिए थे। इसी दौरान आधा दर्जन हमलावर मेले में पहुंच हमला बोल दिया। लाठी-डंडे से लैस हमलावरों ने बीएससी के छात्र आदर्श केशरी, सूरज केशरी सहित आधा दर्जन छात्रों की पिटाई कर दी। छात्रों ने बताया कि मंगलवार को बीएससी भौतिकी विज्ञान की प्रायोगिक परीक्षा थी। जिसमें प्रायोगिक परीक्षा के नाम पर दो-दो सौ रुपये छात्रों से लिया जा रहा था। कई छात्र पैसे देने से इनकार कर दिए तो छात्र आदर्श और सूरज केशरी ने भौतिकी विज्ञान के प्रोफेसर से उनकी शिकायत कर डाली।
इससे नाराज कई छात्र आग बबूला हो गए। आरोप है कि वही छात्र रोजगार मेले में अपने कई साथियों और बाहरी लोगों के साथ हमला बोल दिया। सिरसा चौकी इंचार्ज दिनेश मिश्रा ने बताया कि तहरीर मिली है हमलावरों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। चौकी इंचार्ज ने यह भी बताया कि प्रायोगिक परीक्षा के नाम पर कुछ छात्रों को लगाकर दोबारा पैसा वसूला जा रहा था जिसको लेकर छात्रों ने मारपीट की है। प्राचार्या डॉ. अजीता भट्टाचार्या ने मामले को गंभीरता से लेते हुए आरोपी हमलावरों के खिलाफ कार्रवाई की चेतावनी दी है।