मुट्ठीगंज में जन्माष्टमी कार्यक्रम के दौरान हुए विवाद के बाद शनिवार रात एक परिवार पर हमला किए जाने का मामला सामने आया है। आरोप है कि 20-25 लोग घर में घुसकर लाठी-डंडे, लोहे की रॉड, धारदार हथियार और असलहे से हमला कर दिया। मारपीट में नितेश अग्रहरि और विशाल अग्रहरि गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों की हालत गंभीर बनी हुई है। रामबाग के एक निजी अस्पताल में दोनों आईसीयू में भर्ती है।
सचिन कुमार अग्रहरि ने पुलिस को बताया शनिवार को उनके यहां जन्माष्टमी का कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा था। इसी दौरान कुछ लोग वहां पहुंचे और विवाद करने लगे। किसी तरह मामला शांत कराया गया और मटकी फोड़ कार्यक्रम भी बंद करना पड़ा। आरोप है कि अगले दिन रविवार की रात करीब 9:30 बजे 20-25 लोग दोबारा एकजुट होकर उनके घर पहुंचे और हमला कर दिया। हमलावरों ने परिवार के लोगों को सड़क पर गिराकर लात-घूंसों से पीटा, महिलाओं के साथ भी मारपीट की गई। मारपीट में प्रदीप कुमार समेत परिवार के अन्य सदस्यों को भी चोट लगी है। पीड़ित ने आरोपियों पर जान से मारने की धमकी देने का भी आरोप लगाया है। मुट्ठीगंज थाना प्रभारी मनोज सिंह ने बताया कि शिकायत के आधार पर मामले की जांच की जा रही है।