इंटरनेट पर लगी रोक तो दुनिया से कटे लोग
शहर में हुए दोहरे हत्याकांड की वारदात के बाद अफवाहों पर लगाम लगाने के लिए जिला प्रशासन की ओर से इंटरनेट की सेवा पर रोक लगा दी गई। इसके बाद लोगों का व्हाट्सएप, फेसबुक, मैसेंजर, इंस्टाग्राम और यूट्यूब जैसे प्लेटफार्म से संपर्क टूट गया। इंटरनेट की सेवा पर रोक का सबसे बड़ा असर उन लोगों पर हुआ, जिनके घर के सदस्य विदेश में रहते हैं। इंटरनेट की आसान सुविधा के बाद अमूमन हर वर्ग का आदमी व्हाट्सएप और अन्य सोशल मीडिया से जुड़ गया,
इन सोशल साइटों की मदद से ही लोग विदेश में रहने वाले अपने परिजनों से संपर्क साधने लगे। इससे मोबाइल में अंतरराष्ट्रीय टैरिफ प्लान भी लोगों ने इस्तेमाल करना बंद कर दिया। इंटरनेट की सेवा पर रोक लगने के बाद लोगों का इन सोशल नेटवर्कों से संपर्क तो टूटा ही, साथ ही लोग विदेश में रहने वाले अपने परिजनों से सलाम-नमस्ते तक नहीं कर सके। वहीं विदेश में रहने वाले लोग भी अपने शहर प्रयागराज का हाल लेने और अपने परिचितों से शहर में हुई वारदात के बारे में जानने के लिए परेशान रहे।
इंटरनेट सेवा बंद होने से व्हाट्सएप कालिंग कर दूसरे शहरों में रहने वाले परिजनों से बातचीत करने वाले परेशान है। शहर के तमाम लोग विदेशों में रहते है जो इंटरनेट कॉल के माध्यम से ही परिवार से बातचीत करते हैं। नेटवर्क न होने से ऐसे लोगों को काफी दिक्कतें हो रही हैं।