prayagraj news : प्रयागराज में गिराई जा रही पूर्व सांसद अतीक अहमद की बिल्डिंग।
- फोटो : अमर उजाला
अतीक अहमद के कब्जे से सिविल लाइंस स्थित जमीन को मुक्त कराए जाने व उस पर बने गोदाम के ध्वस्तीकरण के साथ ही उसका वर्षों में बनाया रसूख भी दो घंटे में ध्वस्त हो गया। करोड़ों की कीमत वाली अतीक के कब्जे वाली बेशकीमती जमीन, जो कल तक अतीक के रसूख को बयां करती थीं, पर कार्रवाई के बाद बिखरा मलबा उसके साम्राज्य के दरकने की कहानी कह रहा था।
सोमवार सुबह 11:30 बजे के करीब जैसे ही पीडीए अफसर लाव लश्कर के साथ नवाब यूसुफ रोड पर पहुंचे, वहां हड़कंप मच गया। देखते ही देखते अवैध तरीके से पटरी पर लगी दुकानें सिमटने लगीं। बाद में पता चला कि टीम अतीक के कब्जे वाली जमीन पर कार्रवाई के लिए पहुंची है, तब जाकर दुकानदारों ने राहत की सांस ली। उधर टीम के पहुंचने के कुछ देर बाद ही सीओ अजीत सिंह चौहान सिविल लाइंस व कैंट के साथ कीडगंज थाने की फोर्स लेकर पहुंच गए।
prayagraj news : प्रयागराज में गिराई जा रही पूर्व सांसद अतीक अहमद की बिल्डिंग।
- फोटो : prayagraj
कुछ ही देर में नवाब यूसुफ रोड पर क्लाइव रोड मोड़ से खरबंदा चौराहे तक जाने वाले रास्ते पर बैरिकेडिंग कर आवागमन रोक दिया गया। बुलडोजर ने सबसे पहले गोदाम पर लगे टिन शेड तोड़ने शुरू किए। इसके बाद चारों ओर की दीवारें और फिर पिलर ध्वस्त किए गए। लगभग 500 वर्ग मीटर क्षेत्रफल वाली जिस जमीन पर विशाल गोदाम बना था, वहां दो घंटे बाद ही चारों ओर मलबा बिखरा पड़ा था।
prayagraj news : प्रयागराज में गिराई जा रही पूर्व सांसद अतीक अहमद की बिल्डिंग।
- फोटो : prayagraj
11 दिन में चौथी बार बड़ी कार्रवाई
अतीक की संपत्तियों पर कार्रवाई क्रम में पिछले 11 दिनों के भीतर यह चौथी बड़ी कार्रवाई थी। 26 अगस्त को जिलाधिकारी के आदेश पर पुलिस ने खुल्दाबाद, धूमनगंज व सिविल लाइंस स्थित उसके पांच मकानों को कुर्क किया, जिनकी कीमत 25 करोड़ बताई गई। अगले दिन यानी 27 अगस्त को खुल्दाबाद स्थित मकान व कार्यालय के एक हिस्से को कुर्क किया गया, जिसकी अनुमानित कीमत 35 करोड़ के आसपास थी। पांच सितंबर को हाईकोर्ट पानी की टंकी चौराहे के पास स्थित अतीक के साढू इमरान के कब्जे वाले मद्रास होटल के भवन को ध्वस्त कराया गया। चौथी बड़ी कार्रवाई सोमवार को हुई, जिसमें नवाब यूसुफ रोड पर स्थित करोड़ों की जमीन को कब्जामुक्त कराया गया।