56 कब्जे हटाए, झोपड़ी-ठेले ध्वस्त, चार ठेले जब्त
प्रयागराज। शहर में रविवार को छुट्टी के दिन अतिक्रमण अभियान को अटाला में स्थानीय लोगों और मीट विक्रेताओं ने रोक दिया। विरोध कर रहे लोग बिना सूचना कार्रवाई का विरोध कर रहे थे। पुलिस ने लाठियां पटककर विरोध करने वालों को खदेड़ दिया फिर दुकानें उजाड़ने की कार्रवाई की गई। अभियान के दौरान 56 कब्जे हटाकर सड़क और फुटपाथ खाली कराए गए। एक दर्जन से अधिक झोपड़ी-ठेले ध्वस्त कर चार ठेले जब्त किए गए।
नगर विकास मंत्री के आगमन को देखते हुए नगर निगम के प्रवर्तन दल ने सुबह नौ बजे कार्रवाई शुरू की। पत्थर गिरजाघर, एजी आफिस, सरकिट हाउस, हिन्दू हॉस्टल, पुलिस लाइन, स्टैनली रोड, हाईकोर्ट पानी टंकी, लीडर रोड, अटाला, अतरसुइया, कल्याणी देवी आदि मोहल्लों में सड़क के दोनों तरफ अतिक्रमण हटाया गया।
फल, सब्जी वालों के साथ रिक्शा खटाल चलाने वालों के खिलाफ कार्रवाई की गई। खुल्दाबाद से अटाला चौराहे तक 28 अस्थायी दुकानें हटाई गईं। अतिक्रमण करने वालों से चार हजार रुपये जुर्माना भी वसूल किया गया।