असिस्टेंट प्रोफेसर के 11 पदों का रिजल्ट जारी
प्रयागराज। प्रदेश के अशासकीय महाविद्यालयों में विज्ञापन संख्या-47 के तहत तीन विषयों गृह विज्ञान, प्राणि विज्ञान एवं कृषि शस्य विज्ञान में असिस्टेंट प्रोफेसर के 11 पदों का अंतिम चयन परिणाम मंगलवार देर रात जारी कर दिया गया। इसके साथ ही उच्चतर शिक्षा सेवा आयोग में असिस्टेंट प्रोफेसर भर्ती के लिए इंटरव्यू जारी है। मंगलवार को वाणिज्य, रसायन विज्ञान एवं मनोविज्ञान विषय में 88 अभ्यर्थियों को इंटरव्यू के लिए बुलाया गया है।
विज्ञापन संख्या-47 के तहत 35 विषयों में असिस्टेंट प्रोफेसर के 1150 पदों पर भर्ती होनी है। इसके अलावा विज्ञापन संख्या-46 के तहत वाणिज्य विषय में भी असिस्टेंट प्रोफेसर के 60 पदों पर भर्ती होनी है। इंटरव्यू की प्रक्रिया सोमवार से शुरू हो चुकी है और पहले दिन कृषि सांख्यिकी के चार पदों का रिजल्ट भी घोषित कर दिया गया। सोमवार को वाणिज्य एवं गृह विज्ञान विषय का इंटरव्यू भी हुआ था। वहीं, मंगलवार को वाणिज्य समेत प्राणि विज्ञान एवं कृषि शस्य विज्ञान में असिस्टेंट प्रोफेसर भर्ती के लिए इंटरव्यू कराया गया।
इंटरव्यू की प्रक्रिया पूरी होने के बाद आयोग ने मंगलवार देर रात गृह विज्ञान में असिस्टेंट प्रोफेसर पांच पदों (तीन सामान्य, एक ओबीसी, एक एससी), प्राणि विज्ञान में दो पदों और कृषि शस्य विज्ञान में असिस्टेंट प्रोपुेसर के चार पदों का परिणाम जारी कर दिया। गृह विज्ञान के इंटरव्यू में 27 अभ्यर्थियों को बुलाया गया था और इनमें से 26 अभ्यर्थी उपस्थित रहे। वहीं, प्राणि विज्ञान विषय में साक्षात्कार के लिए बुलाए गए 13 में से नौ और कृषि शस्य विज्ञान में इंटरव्यू के लिए बुलाए गए 20 में से 19 अभ्यर्थी उपस्थित रहे।