प्रदेश के परिषदीय विद्यालयों के लिए 69000 सहायक अध्यापकों की भर्ती की प्रक्रिया शुरू हो गई है। सचिव परीक्षा नियामक प्राधिकारी की ओर से सहायक अध्यापक भर्ती के लिए विज्ञापन जारी होने के साथ ही छह दिसंबर को दोपहर बाद ऑनलाइन पंजीकरण एवं ऑनलाइन शुल्क जमा होना शुरू हो जाएगा। ऑनलाइन पंजीकरण की अंतिम तिथि 20 दिसंबर और ऑनलाइन शुल्क 21 दिसंबर तक जमा किया जा सकता है। अभ्यर्थी पूरी तरह भरे गए आवेदन का प्रिंट 22 दिसंबर शाम तक ले सकते हैं। सहायक अध्यापक भर्ती परीक्षा छह जनवरी को होगी।
सचिव परीक्षा नियामक अनिल भूषण चतुर्वेदी की ओर से जारी सूचना में कहा गया है कि अभ्यर्थी आवेदन पूरी सावधानी से भरें। ऑनलाइन आवेदन में दर्ज प्रविष्टियों में किसी प्रकार का संशोधन नहीं किया जा सकेगा। सचिव की ओर से जारी विज्ञप्ति में कहा गया है कि रजिस्ट्रेशन को सबमिट, फाइनल सेव करने से पूर्व अभ्यर्थियों को इस आशय की घोषणा करनी होगी।
घोषणा इस प्रकार है-
‘मैंने ऑनलाइन आवेदन के अंतर्गत किए गए रजिस्ट्रेशन का प्रिंट निकाल कर उसमें की गई प्रविष्टियों का मिलान मूल अभिलेखों से कर लिया है एवं उसे सही पाया है तथा मैं अपने रजिस्ट्रेशन को सबमिट, फाइनल सेव करने हेतु पूर्णत: सहमत हूं। सबमिट, फाइनल सेव होने के उपरांत मुझे अपने आवेदन में संशोधन करने का कोई अवसर देय नहीं होगा।’
सचिव की ओर से जारी सूचना में कहा गया है कि एक से अधिक आवेदन न करें। सबसे बाद में जमा किए गए शुल्क को मान्य करते हुए उससे पहले के आवेदन निरस्त कर दिए जाएंगे।
ऑनलाइन आवेदन के लिए शैक्षिक अर्हता, आवेदन शुल्क, पाठ्यक्रम संरचना, परीक्षा अवधि सहित अन्य जानकारी एवं निर्देश वेबसाइट पर उपलब्ध है। इसी वेबसाइट पर ऑनलाइन आवेदन के लिए पंजीकरण फार्म, आवेदन शुल्क करने हेतु एचडीएफसी पेमेंट गेटवे का लिंक एवं ऑनलाइन आवेदन पत्र उपलब्ध है।