सहायक अध्यापक भर्ती परीक्षा-2018 अब 27 मई को होगी। टीईटी-2017 के संशोधित परीक्षा परिणाम में सफल 4446 अभ्यर्भी भी इस परीक्षा में प्रतिभाग कर सकेंगे। इनके लिए ऑनलाइन आवेदन का कार्यक्रम जारी कर दिया गया है। साथ ही इसमें वे अभ्यर्थी भी शामिल हो सकते हैं, जिनका पूर्व में शैक्षिक प्रशिक्षण अंकों में त्रुटिपूर्ण प्रविष्टियों के कारण आवेदन निरस्त कर दिया गया था। जिन अभ्यर्थियों को उक्त भर्ती परीक्षा के लिए पूर्व में प्रवेश पत्र जारी हो चुके हैं, उनको नया आवेदन करने की जरूरत नहीं है। इसके बावजूद आवेदन करने पर दोनों आवेदन निरस्त हो जाएंगे। बता दें कि 68500 सहायक अध्यापकों की इस भर्ती के लिए पूर्व में एक लाख से अधिक अभ्यर्थी आवेदन कर चुके हैं।
नए टीईटी उत्तीर्ण एवं आवेदन से वंचित अभ्यर्थियों के लिए ऑनलाइन पंजीकरण की शुरुआत 14 मई को अपराह्न से होगी। पंजीकरण की अंतिम 15 मई 2018 को सायं 06 बजे तक निर्धारित की गई है। आवेदन शुल्क 15 मई से 16 मई तक जमा किए जा सकेंगे। ऑनलाइन आवेदन पूर्ण करने की अंतिम तिथि 17 मई को सायं 06 बजे तक है। जबकि ऑनलाइन आवेदन में की गई त्रुटियों में संशोधन के लिए 21 मई को सुबह 11 बजे से सायं 06 बजे तक का समय दिया गया है।
ऑनलाइन आवेदन के लिए पंजीकरण फार्म, आवेदन शुल्क जमा करने के लिए बैंक का लिंक एवं आवेदन पत्र upbasiceduboard.gov.in पर उपलब्ध है। उक्त वेबसाइट पर ही ऑनलाइन आवेदन के लिए शैक्षिक अर्हता, आवेदन शुल्क, पाठ्यक्रम, परीक्षा अवधि, स्वरूप तथा अन्य दिशा-निर्देश भी देखे जा सकते हैं। सचिव, परीक्षा नियामक प्राधिकारी डॉ. सुत्ता सिंह के मुताबिक ऑनलाइन के अतिरिक्त किसी अन्य माध्यम से आवेदन नहीं लिए जाएंगे। बताया कि सहायक अध्यापक भर्ती परीक्षा 27 मई को पूर्वान्ह 10 बजे से अपरान्ह 01 बजे तक मंडल मुख्यालयों पर होेगी।