प्रदेश के अशासकीय सहायता प्राप्त माध्यमिक (एडेड) कॉलेजों में असिस्टेंट प्रोफेसर पद के लिए बृहस्पतिवार से परीक्षा शुरू हो रही है। दो दिनों तक होने वाली इस परीक्षा के लिए प्रदेश के छह मंडल मुख्यालयों पर केंद्र बनाया गया है। परीक्षा प्रयागराज, आगरा, मेरठ, गोरखपुर, लखनऊ और वाराणसी जनपद में होगी।
परीक्षा दो पालियों में कराई जाएगी। पहली पाली सुबह 9:30 से 11:30 बजे तक चलेगी। दूसरी पाली दोपहर 2:30 से शाम 4:30 बजे तक होगी। परीक्षा में किसी तरह की सेंधमारी न हो सके इसके लिए एसटीएफ व एलआईयू की टीमें सक्रिय की गई है।
कुल 1,936 पदों के लिए परीक्षा आयोजित हो रही है। इसके लिए कुल 1,27,571 अभ्यर्थी पंजीकृत हैं जो परीक्षा में शामिल होंगे। उत्तर प्रदेश शिक्षा सेवा चयन आयोग के अध्यक्ष डॉ. प्रशांत कुमार की ओर से बताया गया है कि परीक्षा को लेकर आयोग की ओर से विशेष फोकस किया जा रहा है।
प्रयागराज स्थित मुख्यालय में स्थापित अत्याधुनिक एआई कमांड कंट्रोल रूम एक्टिव रहेगा, जहां से सभी केंद्रों की निगरानी की जाएगी। आयोग के उप सचिव संजय कुमार सिंह ने बताया कि परीक्षा केंद्रों पर सख्ती रहेगी।
प्रयागराज में 27,138 अभ्यर्थी देंगे परीक्षा
असिस्टेंट प्रोफेसर की परीक्षा में जनपद के कुल 18 केंद्र पर 27,138 अभ्यर्थी शामिल होंगे। इनमें 17 अशासकीय सहायता प्राप्त माध्यमिक विद्यालय और एक राजकीय विद्यालय शामिल है। बृहस्पतिवार को पहले दिन की पहली पाली में 6518 अभ्यर्थी और दूसरी पाली में 6713 अभ्यर्थी परीक्षा देंगे। इसी तरह दूसरे दिन की परीक्षा में शुक्रवार को पहली पाली में 7243 अभ्यर्थी और दूसरी पाली में 6664 अभ्यर्थी शामिल होंगे। आर्य कन्या गर्ल्स इंटर कॉलेज, प्रयागराज में एक परिसर में दो केंद्र बनाए गए हैं। इसके लिए 350 सहायक अध्यापक और प्रवक्ता कक्ष निरीक्षक के रूप में तैनात किए गए हैं। इसके अतिरिक्त 100 सहायक अध्यापक और प्रवक्ता आरक्षित कक्ष निरीक्षक के तौर पर रहेंगे। 18 स्टैटिक मजिस्ट्रेट और 18 सेक्टर मजिस्ट्रेट भी ड्यूटी पर तैनात होंगे।