लॉक डाउन बढ़ने के कारण असिस्टेंट प्रोफेसर भर्ती परीक्षा के चयनितों की नियुक्ति फिर फंस गई है। देरी के कारण दो विषयों में चयनित 278 अभ्यर्थी अन्य विषयों में चयनित अभ्यर्थियों से जूनियर हो जाएंगे जबकि सभी ने एक साथ परीक्षा दी थी। लॉक डाउन के बाद ही ज्वाइनिंग की प्रक्रिया पूरी हो सकेगी। देर से ज्वाइन करने के कारण वेतन और प्रमोशन पर असर पड़ेगा। विज्ञापन संख्या 47 के तहत प्रदेश के अशासकीय महाविद्यालयों में 35 विषयों में असिस्टेट प्रोफेसर के 1150 पदों पर भर्ती होनी है।
इनमें से 33 विषयों का परिणाम जारी किया जा चुका है और 31 विषयों के चयनितों की ऑनलाइन काउंसलिंग की प्रक्रिया भी पूरी हो चुकी है। इन अभ्यर्थियों को ज्वाइनिंग भी मिल चुकी है। वहीं, हिंदी और सामाजिक विज्ञान विषय के 278 चयनितों की ऑनलाइन काउंसलिंग फंसी हुई है। हालांकि इन चयनित अभ्यर्थियों की काउंसलिंग के लिए उच्च शिक्षा निदेशलय ने 10 मार्च तक इनके संशोधित मोबाइल नंबर मांगे थे।