prayagraj news : अशरफ उर्फ खालिद अजीम
- फोटो : prayagraj
अतीक अहमद के भाई खालिद अजीम उर्फ अशरफ की 25 करोड़ रुपये मूल्य की 12 जमीनें शनिवार को कुर्क की गईं। धूमनगंज पुलिस ने तीन साल पहले दर्ज गैंगस्टर के मामले में यह कार्रवाई की। पुलिस का कहना है कि अशरफ की कई अन्य संपत्तियों को भी जल्द ही कुर्क किया जाएगा। धूमनगंज थाने में 2018 में अशरफ समेत 13 लोगों के खिलाफ गैंगस्टर का मुकदमा लिखा गया था। इस मामले की विवेचना इंस्पेक्टर सिविल लाइंस रविंद्र प्रताप सिंह की ओर से की जा रही है। उन्होंने कुछ समय पहले अशरफ की कुल सात जमीनें गैंगस्टर एक्ट की धारा 14(1) के तहत कुर्क करने के लिए रिपोर्ट भेजी थी। जिसके क्रम में जिलाधिकारी की ओर से अनुमति प्रदान की गई थी।
शनिवार को धूमनगंज पुलिस ने इनमें से तीन जमीनों को कुर्क किया गया। इस दौरान राजरूपपुर क्षेत्र में स्थित तीनों जमीनों पर नोटिस बोर्ड चस्पा करवाया। इसके माध्यम से चेतावनी भी जारी की गई कि उक्त संपत्तियां गैंगस्टर एक्ट के तहत कुर्क की गई हैं। जिस पर किसी तरह का अतिक्रमण आपराधिक कृत्य माना जाएगा। साथ ही संबंधित के खिलाफ विधिक कार्रवाई की जाएगी। माफिया के खिलाफ चल रहे अभियान के नोडल एसपी सिटी दिनेश कुमार सिंह ने बताया कि शनिवार को कुल पांच बीघा एक बिस्वा जमीन कुर्क की गई। विवेचना के दौरान सामने आए तथ्यों से पता चला था कि उक्त जमीनें अशरफ ने अपराध के जरिए अर्जित की। जिसकी कुल कीमत लगभग 25 करोड़ है।