बारिश के मौसम में नैनी के वार्ड 31 जहांगीराबाद का जानवीपुरम मोहल्ले का जलमग्न होना तय है। निचला इलाका होने की वजह से इस साल भी चार मोहल्लों का पानी जानवीपुरम में जमा हो जाएगा। मानसून के करीब आते ही स्थानीय लोगों ने अपना घर छोड़कर दो से तीन महीने के लिए किराये का कमरा खोजना शुरू कर दिया है।
मानसून जाने के बाद वापस अपने आशियाने में स्थानीय लोग लौटेंगे। स्थानीय पार्षद रणविजय ने इस समस्या के समाधान पर नाला निर्माण की मांग उठाई थी। लेकिन, इस मांग को नगर निगम ने अनसुना कर दिया। मोहल्ले में बारिश का पानी जमा न हो, इसके लिए हरिनाम पुलिया जानवीपुरम से खरकौनी चौरा मंदिर तक नाले के निर्माण पर जोर दिया गया।
निचला इलाका होने व जल निकासी की उचित व्यवस्था न होने की वजह से जानवीपुरम मोहल्ले में उत्तरी लोकपुर, आंबेडकर नगर, माधवपुर खरकौनी व पुरा फतेह मोहम्मद इलाके का पानी जमा हो जाता है। जिसे मानसून जाने के बावजूद निकलने में हफ्ते भर से ज्यादा का समय लग जाता है।
हर साल बारिश के दिनों में यहां रहना मुश्किल हो जाता है। घरों के अंदर बारिश का पानी जमा हो जाता है। -डॉ. बीके पांडेय, स्थानीय निवासी
बारिश में यहां रहना मुश्किल है। इसलिए दो से तीन महीने के लिए किराए का मकान लेना पड़ता है। -अरूण सिंह, स्थानीय निवासी
नाले का अगर निर्माण हो जाता, तो बारिश का पानी आसानी से निकल जाता। -कान्ता प्रजापति, स्थानीय निवासी
कई बार नाले के निर्माण की मांग उठाई गई, लेकिन कोई सुनवाई नहीं हुई। ऐसे में एक बार फिर से बारिश के दिनों में स्थानीय घर जलमग्न हो जाएंगे। -रणविजय सिंह, पार्षद, जहांगीराबाद
नाले के निर्माण को लेकर प्रस्ताव दिया जाएगा, तो उसपर जरूर विचार होगा। स्थानीय लोगों को किसी प्रकार की असुविधा न हो इसका ख्याल रखा जाएगा। -शादाब असलम, अपर नगर आयुक्त।