कोतवाली के जीरो रोड स्थित एचडीएफसी बैंक में एक युवक दूसरे का चेक लेकर रुपये निकालने पहुंच गया। शक होने पर बैंककर्मियों ने जांच पड़ताल की तो सच्चाई सामने आ गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने उसे हिरासत में ले लिया। भुक्तभोगी व्यापारी की तहरीर पर पुलिस ने एलआईसी एजेंट समेत तीन पर मुकदमा दर्ज कर हिरासत में लिए गए युवक को गिरफ्तार कर लिया।
मुट्ठीगंज निवासी प्रमोद कुमार जायसवाल का खाता जीरो रोड स्थित एचडीएफसी बैंक में है। शनिवार दोपहर उनके नाम का ब्लैंक चेक लेकर एक युवक बैंक पहुंचा। शक होने पर बैंककर्मियों ने सूचना दी तो प्रमोद पहुंच गए। जिन्होंने बताया कि वह युवक को नहीं जानते और न ही उसे कभी चेक दिया। सूचना पर पुलिस पहुंची और आरोपी आशुतोष मिश्रा निवासी नवाबगंज को थाने ले गई।
पूछताछ में पता चला कि उसे चेक नमिता जायसवाल निवासी तंबाकू वाली गली कीडगंज ने दिया। जिसे चेक एलआईसी एजेंट अजय जायसवाल ने दिए थे। व्यापारी ने बताया कि उसने अजय को एलआईसी किश्त के लिए दो साल पहले दिए थे। पुलिस ने बताया कि तहरीर के आधार पर महिला व एलआईसी एजेंट समेत तीन पर केस दर्ज किया गया है। साथ ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है।