जार्जटाउन में सीएमपी डिग्री कॉलेज के पिछले गेट के पास छात्र को गोली मारने के मामले में नामजद आरोपी गिरफ्तार कर लिया गया है। छह महीने बाद उसे पुलिस पकड़ सकी है।
घटना सीएमपी छात्रसंघ चुनाव के दिन पांच अक्तूबर को भोर मेें हुई थी।
सीएमपी में बीए द्वितीय वर्ष के छात्र आकाश द्विवेदी (20) पुत्र अनिल द्विवेदी मूल रूप से मांडा का रहने वाला है। वह छात्रसंघ चुनाव में उपाध्यक्ष पद के एक प्रत्याशी का समर्थन कर रहा था। चुनाव के दिन पंाच अक्तूबर को बॉटनी डिपार्टमेंट की ओर स्थित पिछले गेट से वोटिंग के लिए आने वाले छात्र-छात्राओं को प्रवेश दिया जाना था। जिस पर भोर में आकाश अपने साथियों के साथ गेट के बाहर स्थित दीवार पर पोस्टर लगा रहा था।
आरोप है कि इसी दौरान वहां छात्रसंघ अध्यक्ष पद का प्रत्याशी मयंक मिश्रा आजाद व उसका साथी मो. खालिद नुमान बाइक से आए और उससे भिड़ गए। कुछ देर बाद मयंक ने पिस्टल निकाल ली। इसी दौरान खालिद के ललकारने पर उसने फायर कर दिया। गोली आकाश के दाहिने कंधे पर लगी और वह लहूलुहान होकर जमीन पर गिर पड़ा। साथियों ने शोर मचाया तो आरोपी भाग निकले। भाई शिवजी की तहरीर पर मयंक व खालिद पर मुकदमा दर्ज किया गया था। इसमें से मयंक बृहस्पतिवार को गिरफ्तार कर लिया गया। जार्जटाउन पुलिस ने बताया कि उसे जेल भेजा जा रहा है।