नैनी में टेंट सिटी(इंद्रप्रस्थम) कर्मचारियों से सात लाख की लूट के मामले का खुलासा हो गया। हालांकि लूटी गई रकम में से महज1.42 लाख रुपये ही बरामद हो सके हैं। पुलिस ने एक बदमाश को गिरफ्तार करते हुए बताया कि घटना में शामिल एक अन्य बदमाश की तलाश की जा रही है।नैनी में छह फरवरी को अरैल चौराहे पर दिनदहाड़े टेंटी सिटी कर्मचारी फिरोज राना व अलसफा से बाइकसवार बदमाशों ने सात लाख रुपये लूटे थे। पुलिस का दावा है कि सीसीटीवी फुटेज से मिली तस्वीरों के आधार पर बदमाशों की तलाश की जा रही थी।
इसी दौरान सोमवार को मुखबिर की सूचना पर लेप्रोसी अस्पताल के पास से एक बदमाश को गिरफ्तार किया गया। जबकि उसका साथी भाग निकला। पकड़ा गया दिनेश यादव निवासी श्रृंगवेरपुर, नवाबगंज ने सख्ती से पूछताछ में अरैल लूट की घटना में शामिल होने की बात कबूली। बताया कि उसने अपने फरार साथी बबलू पासी उर्फ कटकू निवासी निवासी लालगोपालगंज नवाबगंज व दो अन्य लोगों के साथ मिलकर वारदात को अंजाम दिया था। उसके पास से 1.42 लाख रुपये बरामद हुए हैं। पुलिस के मुताबिक, पूछताछ में आरोपी ने बताया कि उसे कुल 1.6 लाख रुपये मिले थे। बाकी की रकम बबलू ने रख ली थी। पुलिस का कहना है कि फरार बबलू की तलाश की जा रही है।
बबलू की ही थी घटना में प्रयुक्त बाइक
सूत्रों की मानें तो बदमाशों ने घटना में जिस पल्सरसवार बाइक का इस्तेमाल किया, वह बबलू की है। पुलिस ने बताया कि दिनेश शातिर अपराधी है और उस पर पहले से 10 मुकदमे दर्ज हैं। इनमें से कई मामले प्रतापगढ़ जनपद के हैं।