लॉकडाउन के दौरान देश के अलग-अलग हिस्सों में फंसे श्रमिकों को लाने एवं ले जाने के लिए चलाई जा रही श्रमिक स्पेशल ट्रेनों का ठहराव प्रयागराज जंक्शन पर भी हो रहा है। बीते दो दिनों के दौरान तीन श्रमिक स्पेशल ट्रेनें गुजर चुकी हैं। यहां अब एक दो रोज में मुंबई एवं गुजरात से श्रमिक स्पेशल ट्रेन आ सकती है। इससे सैकड़ों की संख्या में मजदूर उतरेंगे। उन मजदूरों को स्टेशन पर रोकने, भोजन कराने एवं यहां से बसों द्वारा बाहर पहुंचाए जाने के सारे इंतजाम रेलवे ने पूरे कर लिए हैं। इन तमाम इंतजामों का डीआरएम अमिताभ एवं डीएम भानु चंद्र गोस्वामी ने रविवार को जायजा लिया।
जिला प्रशासन की ओर से रेलवे प्रशासन को बताया गया कि लखनऊ, कानपुर आदि शहरों में बीते दो दिनों के दौरान कुछ श्रमिक स्पेशल ट्रेनें आईं। ऐसी ही कुछ ट्रेनें यहां भी आ सकती हैं। इन ट्रेनों से आने वाले श्रमिकों को उनके गंतव्य तक कैसे भेजा जाए, रेलवे स्टेशन पर यह श्रमिक आदि किस तरह से सामाजिक दूरी का पालन कराया जाए इसी बात पर अधिकारियों ने मंथन किया।
prayagraj news
- फोटो : prayagraj
तय हुआ कि श्रमिक स्पेशल ट्रेन से जो यात्री आएंगे उन्हें ट्रेन से उतारने के बाद जंक्शन पर कुंभ के दौरान बने दो यात्री आश्रय स्थलों पर ले जाया जाएगा। यहां जिला प्रशासन की ओर से ही मजदूरों को भोजन कराया जाएगा। प्रयागराज से जो मजदूर आसपास के जिलों में जाएंगे, उनके लिए रेलवे स्टेशन के बाहर ही बसें उपलब्ध होंगी। बताया जा रहा है कि इस सप्ताह प्रयागराज से भी श्रमिक स्पेशल ट्रेन का संचालन किया जा सकता है। इस ट्रेन से प्रयागराज एवं उसके आसपास के जिलों में फंसे तमाम राज्यों के मजदूरों को उनके गंतव्य तक भेजा जाएगा।
prayagraj news
- फोटो : prayagraj
सुपर फास्ट श्रेणी की हैं श्रमिक स्पेशल ट्रेन
रेलवे द्वारा चलाई जा रही श्रमिक स्पेशल ट्रेन सुपरफास्ट श्रेणी की हैं। इन ट्रेनों में स्लीपर कोच ही लगाए जा रहे हैं। इसमें सफर करने वाले यात्रियों को किराया संबंधित राज्य सरकार द्वारा ही रेलवे को दिया जाना है। यानी की अगर किसी सामान्य श्रेणी की ट्रेन में अगर प्रयागराज से दिल्ली का किराया स्लीपर का 365 है तो सुपरफास्ट होने की वजह से श्रमिक स्पेशल में 30 रुपये ज्यादा किराया लगेगा। इसमें सफर करने वाले यात्रियों की सूची जिला प्रशासन द्वारा रेलवे को पूर्व में दी जा जाएगी। ताकि यात्रियों की संख्या के हिसाब से रेलवे रेक का इंतजाम कर सकें। अमूमन एक श्रमिक स्पेशल से अभी एक बार में 1200 लोगों को सफर करवाया जा रहा है।
जंक्शन से गुजरी दो श्रमिक स्पेशल
रविवार को भी प्रयागराज जंक्शन से दो श्रमिक स्पेशल ट्रेन गुजरी। पहली ट्रेन सुबह आठ बजे के आसपास जंक्शन से गुजरी जो राजस्थान के कोटा से झारखंड के धनबाद जा रही थी, जबकि दूसरी ट्रेन भी रात में कोटा-बरौनी स्पेशल जंक्शन से गुजरी। दोनों ही ट्रेन जंक्शन पर नहीं रुकी। इस दौरान जब ट्रेन जंक्शन से गुजरी तो दोनों ही बार आरपीएफ जवानों ने ताली बजाकर उसमें बैठे यात्रियों का अभिवादन किया।