वायु सेना के लड़ाकू विमान मिग-21 के साथ थल सेना का टैंक भी चंद्रशेखर आजाद पार्क की शोभा बढ़ाएगा। पार्क के मुख्य गेट के पास युद्धक टैंक को मॉडल के तौर पर रखने की तैयारी शुरू हो गई है। इसके लिए एडीए और सेना के अफसरों के बीच वार्ता जारी है। अगले कुछ दिनों में यहां टैंक के लिए प्लेटफॉर्म बनने का काम भी शुरू हो जाएगा।
कमला नेहरू रोड स्थित आजाद पार्क के मुख्य गेट से करीब 20 मीटर अंदर बायीं ओर मैदान के मुहाने पर मिग-21 को मॉडल के तौर पर लगाने के लिए प्लेटफॉर्म बनाने का काम तेजी से चल रहा है। इस बीच सेना के युद्धक टैंक को भी यहां मॉडल के रूप में रखने की तैयारी शुरू हो गई है। टैंक को मिग-21 के दाहिनी ओर मजार वाले मैदान के मुहाने पर रखने की योजना बनाई गई है। एडीए उपाध्यक्ष देवेंद्र कुमार पांडेय ने बताया कि टैंक के लिए सेना से वार्ता तकरीबन अंतिम चरण में है। कुछ औपचारिकताएं पूरी करने के बाद वहां से टैंक के लिए हरी झंडी मिल जाएगी। उसके बाद टैंक को रखने के लिए पार्क में प्लेटफॉर्म का निर्माण कराया जाएगा।
उन्होंने बताया कि मिग-21 और टैंक के चारों ओर सुरक्षा के लिए घेरा भी बनाया जाएगा, ताकि यहां आने वाले लोग उस पर चढ़ न सकें। कहा कि चंद्रशेखर आजाद पार्क देश की आजादी की लड़ाई का गवाह है। उसकी याद ताजा रखने के लिए इस तरह की योजना बनाई गई है।
अभी तक शहर में ब्वायज हाईस्कूल एेंड कॉलेज (बीएचएस) एवं सेंट जोसेफ कॉलेज (एसजेसी) में सेना के टैंक रखे हैं, लेकिन यह हर किसी को देखने के लिए सर्वसुलभ नहीं हैं। स्कूल के अंदर होने के कारण वहां के बच्चे या अभिभावक की उसे देख पाते हैं, लेकिन अब सार्वजनिक पार्क में टैंक के साथ मिग-21 रखे जाने से शहरी इससे काफी नजदीक से वाकिफ हो सकेंगे।