जंक्शन पर क्यूआर कोड से आम यात्री सेना के लिए कर सकेंगे दान
प्रयागराज। रेलवे प्रशासन ने इन दिनों एक अनूठी पहल शुरू की है। प्रयागराज जंक्शन, कानपुर, झांसी समेत देश के 100 से ज्यादा महत्वपूर्ण रेलवे स्टेशनों पर एक क्यू आर कोड चस्पा किया जा रहा है। इसे स्कैन कर यात्री एवं आम नागरिक भारतीय सेना के लिए दान कर सकता है। दान की राशि का 14 तरह की कल्याणकारी योजनाओं में उपयोग होगा।
प्रयागराज जंक्शन पर रेलवे ने ऐसा ही एक क्यू आर कोड वाला बोर्ड लगा दिया है। सशस्त्र सेना दिवस के मौके पर लगाए गए क्यू आर को स्कैन कर यात्रियों ने सेना के लिए अपनी क्षमता के हिसाब से दान देना भी शुरू कर दिया है। इस धनराशि का उपयोग हवलदार रैंक तक के गैर-पेंशन धारकों को एवं युद्ध स्मारक छात्रावास के बच्चों को मदद देने में होगा। इसके अलावा अखिल भारतीय गोरखा एसोसिएशन के लिए भी इसका इस्तेमाल होगा।
क्यूआर कोड वाले बोर्ड में सभी 14 कल्याणकारी योजनाओं के बारे में लिखा भी है। इसमें शिक्षा अनुदान, विकलांग बच्चों को अनुदान, चिकित्सा अनुदान, पुत्री विवाह अनुदान, व्यावसायिक प्रशिक्षण अनुदान, गंभीर रोग अनुदान, संशोधित स्कूटर अनुदान, लकवाग्रस्त पुनर्वास केंद्र मोहाली आदि पर पैसे खर्च होंगे। इस बारे में प्रयागराज मंडल के पीआरओ अमित सिंह का कहना है कि सभी बड़े स्टेशनों पर इस तरह के बोर्ड लगाए गए हैं। इसमें यात्रियों के साथ आम लोग भी क्यूआर कोड को स्कैन कर दान दे सकते हैं।