इलाहाबाद विश्वविद्यालय की कुलपति प्रोफेसर संगीता श्रीवास्तव की अध्यक्षता में कार्य परिषद की ऑनलाइन बैठक में कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए। बैठक में 22-23 अप्रैल को आयोजित चयन समितियों के प्रस्तावों को स्वीकृति देते हुए एक एसोसिएट प्रोफेसर और पांच असिस्टेंट प्रोफेसर को नियुक्ति करने को मंजूरी दी गई।
एंथ्रोपोलॉजी विभाग में एक असिस्टेंट प्रोफेसर, डिफेंस स्टडीज में एक एसोसिएट व दो असिस्टेंट प्रोफेसर तथा सेंटर फॉर मीडिया स्टडीज में दो असिस्टेंट प्रोफेसर की नियुक्ति को मंजूरी दी गई। इसके साथ ही 14 विभागों के कुल 28 शिक्षकों को एडवांसमेंट स्कीम के अंतर्गत पदोन्नति प्रदान की गई। इनमें आठ शिक्षकों को एसोसिएट प्रोफेसर से प्रोफेसर, 10 शिक्षकों को स्टेज-तीन से एसोसिएट प्रोफेसर, चार शिक्षकों को स्टेज-एक से स्टेज-दो और पांच शिक्षकों को स्टेज-दो से स्टेज-तीन में पदोन्नत किया गया।
बैठक में 16 गैर-शिक्षण कर्मचारियों की सेवाएं नियमित करने को भी स्वीकृति दी गई। कुलपति के कार्यकाल में अब तक 391 शिक्षकों की नियुक्ति हो चुकी है, जबकि वर्तमान में विश्वविद्यालय में 580 शिक्षक कार्यरत हैं।