माध्यमिक शिक्षा विभाग ने राजकीय विद्यालयों में एलटी ग्रेड शिक्षक (सहायक अध्यापक) व प्रवक्ता के पदों पर चयनित अभ्यर्थियों की नियुक्ति प्रक्रिया शुरू कर दी है। अभ्यर्थियों की नियुक्ति व पदस्थापन के लिए सोमवार से ऑनलाइन आवेदन शुरू हो गए हैं। इसकी अंतिम तिथि 27 दिसंबर 2024 है। इसके बाद अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र जारी किए जाएंगे।
उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग (यूपीपीएससी) ने एलटी ग्रेड शिक्षक भर्ती का विज्ञापन वर्ष 2018 व प्रवक्ता भर्ती का 2020 में जारी किया था। दोनों ही भर्ती परीक्षाओं की पहली मेरिट में चयनित अभ्यर्थियों को नियुक्ति मिलने के बाद रिक्त रह गईं सीटों को भरने के लिए आयोग ने द्वितीय अवशेष श्रेष्ठता सूची जारी की थी। इसमें चयनितों के अभिलेख सत्यापन के बाद आयोग ने 511 अभ्यर्थियाें की नियुक्ति की संस्तुति माध्यमिक शिक्षा विभाग को भेजी थी।
आयोग ने डेढ़ साल पहले द्वितीय अवशेष श्रेष्ठता सूची जारी की थी। वहीं, सालभर पहले चयनितों की लिस्ट माध्यमिक शिक्षा विभाग को भेज दी थी। लेकिन, नियुक्ति की प्रक्रिया लंबे समय तक अटकी रही। बाद में शासन की ओर से निर्देश जारी किए जाने के बाद अब माध्यमिक शिक्षा विभाग ने नियुक्ति प्रक्रिया शुरू की है। इसके लिए 27 दिसंबर तक अभ्यर्थियों से ऑनलाइन आवेदन मांगे गए हैं। आवेदन के आधार पर अभ्यर्थियों को विद्यालय आवंटित किए जाएंगे।
चयनितों को हिंदी, जीव विज्ञान, सामाजिक विज्ञान, अंग्रेजी, कला, संगीत, गणित, गृह विज्ञान, शारीरिक शिक्षा, नागरिक शास्त्र, वाणिज्य, संस्कृत, इतिहास विषय में नियुक्ति मिलनी है। माध्यमिक शिक्षा के निदेशक डॉ.महेंद्र देव के अनुसार आवेदन केवल ऑनलाइन माध्यम से स्वीकार किए जाएंगे। ऑनलाइन नियुक्ति/पदस्थापन प्रक्रिया में प्रतिभाग न करने की दशा में अभ्यर्थी को अन्य अवसर प्रदान नहीं किया जाएगा और विभाग का निर्णय अंतिम होगा। यह प्रक्रिया पूरी होने के बाद अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र जारी किए जाएंगे।
अभ्यर्थियों की नियुक्ति प्रक्रिया मानव संपदा पोर्टल के माध्यम से पूरी की जाएगी। अभ्यर्थियों की सुविधा और किसी भी तरह की समस्या के निराकरण के लिए माध्यमिक शिक्षा विभाग ने ईमेल आईडी (onlineteachertransfer2024gmail) व मोबाइल नंबर (9368636558) जारी किया है। मोबाइल नंबर पर किसी भी कार्य दिवस पर सुबह 10 से शाम पांच बजे तक कॉल करके या व्हाट्सएप के माध्यम से संपर्क किया जा सकता है।