स्टाफ नर्स (पुरुष) भर्ती में चयनित अभ्यर्थी अभिलेख सत्यापन की प्रक्रिया पूरी होने के डेढ़ माह बाद भी नियुक्ति के लिए भटक रहे हैं। यह भर्ती छह साल पुरानी है और इसे पूरा करने के लिए दो विज्ञापन जारी किए गए।
उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग (यूपीपीएसससी) ने 12 जनवरी 2017 को भर्ती का विज्ञापन जारी किया था। इसके बाद किन्हीं कारणों से कोर्ट के आदेश के अनुपालन में वर्ष 2022 में इस भर्ती का पुनर्विज्ञापन जारी किया गया। स्टाफ नर्स के 558 पदों पर भर्ती के लिए प्रारंभिक परीक्षा 10 अप्रैल 2022 और मुख्य परीक्षा चार अगस्त 2022 को आयोजित की गई।
मुख्य परीक्षा में शामिल 931 अभ्यर्थियों में से 550 अभ्यर्थियों के आवेदन पत्रों की सन्निरीक्षा के बाद उनके अनुभव प्रमाणपत्र मांगे गए थे और आठ मई 2023 को मुख्य परीक्षा का परिणाम घोषित किया गया, जिसमें 275 अभ्यर्थी सफल घोषित किए गए। सफल अभ्यर्थियों के अभिलेखों का सत्यापन पांच से आठ जून तक किया गया।
चयनित अभ्यर्थियों का कहना है कि सत्यापन को डेढ़ माह बीत चुके हैं, लेकिन आयोग ने उनकी नियुक्ति की संस्तुति अभी तक नहीं भेजी है। चयनित अभ्यर्थियों ने आयोग के अध्यक्ष से मांग की है कि नियुक्ति की संस्तुति शीघ्र भेजी जाए, ताकि नौकरी के लिए उनका छह साल लंबा इंतजार खत्म हो सके।