तकनीकी अड़चन के कारण शिक्षकों के जिले के अंदर पारस्परिक तबादले के लिए आवेदन की प्रक्रिया तीन दिन विलंब से शुरू हो सकी। ऑनलाइन आवेदन की प्रक्रिया दो अप्रैल से शुरू होनी थी, लेकिन लॉगिन करने पर बार-बार एरर लिखकर आ रहा था, जिसकी वजह से आवेदन की प्रक्रिया समय से शुरू नहीं हो सकी।
शनिवार शाम साढ़े छह बजे के आसपास वेबसाइट पर आवेदन शुरू हो सके। शिक्षकों को 11 अप्रैल तक ऑनलाइन पंजीकरण करना है। शिक्षकों को संबंधित जिले के बीएसए कार्यालय में 15 अप्रैल तक आवेदन की हार्डकॉपी जमा करनी है। बीएसए 16 से 20 अप्रैल तक संबंधित खंड शिक्षाधिकारी को आवेदन पत्र उपलब्ध करा देंगे, ताकि आवेदक की पात्रता का सत्यापन किया जा सके।
21 से 23 अप्रैल तक जिला स्तरीय समिति से संस्तुति प्राप्त की जाएगी और 24 से 30 अप्रैल के बीच शिक्षक जिला स्तरीय समिति के समक्ष अपनी आपत्ति प्रस्तुत करेंगे। समिति आपत्तियों का निराकरण करते हुए एक से पांच मई तक डाटा को अंतिम रूप से संस्तुत करेगी और छह से 15 मई तक शिक्षक आपसी सहमति से ओटीपी के माध्यम से जोड़ा बनाएंगे। तबादले का आदेश 18 मई को जारी किया जाएगा।