भारतीय सूचना प्रौद्योगिकी संस्थान (ट्रिपलआईटी) ने शैक्षणिक सत्र 2026 के लिए एनईपी आधारित पीएचडी प्रोग्राम में प्रवेश की घोषणा की है। विभिन्न विभागों की 479 सीटों पर शोधार्थियों का चयन किया जाएगा। योग्य अभ्यर्थी संस्थान की आधिकारिक वेबसाइट के माध्यम से ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। संस्थान के मुताबिक अभ्यर्थी पीएचडी में प्रवेश के लिए वर्षभर में तीन बार आवेदन कर सकते हैं।प्रवेश प्रक्रिया दो चरणों पूरी होगी।
संस्थान के अनुसार संस्थान फेलोशिप श्रेणी में 170 सीटें उपलब्ध हैं, जिन पर चयनित शोधार्थियों को संस्थान की ओर से आर्थिक सहायता मिलेगी। इसमें सूचना प्रौद्योगिकी में 74 सीटें, ईसीई में 49 सीटें, एप्लाइड साइंसेज में 31 सीटें और मैनेजमेंट स्टडीज में 16 सीटें निर्धारित की गई हैं। वहीं बाहरी फेलोशिप श्रेणी में 309 सीटें हैं, जिनमें ईसीई में 99, एप्लाइड साइंसेज में 92, आईटी में 82 और मैनेजमेंट स्टडीज में 36 सीटें शामिल हैं। इस श्रेणी में वे अभ्यर्थी आवेदन कर सकते हैं जिनके पास सीएसआईआर/यूजीसी नेट-जेआरएफ या अन्य मान्य बाहरी फेलोशिप है।
आवेदन के लिए सामान्य, ईडब्ल्यूएस और ओबीसी वर्ग के अभ्यर्थियों को 500 रुपये, जबकि एससी, एसटी और दिव्यांग वर्ग के अभ्यर्थियों को 250 रुपये आवेदन शुल्क देना होगा। अभ्यर्थी पीएचडी में प्रवेश के लिए वर्ष में तीन बार आवेदन कर सकते हैं, जिनकी अंतिम तिथियां 31 मार्च, 15 जुलाई और 30 नवंबर निर्धारित की गई हैं। चयन प्रक्रिया दो चरणों में पूरी होगी। पहले चरण में कंप्यूटर आधारित स्क्रीनिंग टेस्ट और दूसरे चरण में पर्सनल इंटरव्यू होगा। हालांकि गेट या नेट उत्तीर्ण अभ्यर्थियों को स्क्रीनिंग टेस्ट से छूट दी जाएगी। वहीं, वर्किंग प्रोफेशनल श्रेणी के अभ्यर्थी भी पीएचडी में प्रवेश के लिए आवेदन कर सकते हैं। उन्हें नियमानुसार सीधे साक्षात्कार के लिए बुलाया जाएगा।