बिना ओटीआर नहीं हो सकेगा आवेदन
परीक्षा के लिए आवेदन करने वाले सभी अभ्यर्थियों के लिए वन टाइम रजिस्ट्रेशन (ओटीआर) अनिवार्य होगा। बिना ओटीआर के आवेदन नहीं हो सकेगा। ऐसे अभ्यर्थी जिन्होंने ओटीआर नंबर प्राप्त नहीं किया है, वे ऑनलाइन आवेदन करने से 72 घंटे पहले वेबसाइट http://otr.pariksha.nic.in से ओटीआर नंबर प्राप्त कर लें और ओटीआर नंबर प्राप्त करने के बाद आयोग की वेबसाइट http://uppsc.up.nic.in पर ऑनलाइन आवेदन सब्मिट करें।
85 अंकों की होगी प्रारंभिक परीक्षा
स्टाफ नर्स भर्ती की प्रारंभिक परीक्षा 85 अंकों की होगी। वस्तुनिष्ठ प्रकार के कुल 170 प्रश्न होंगे और इन्हें हल करने के लिए दो घंटे का वक्त मिलेगा। प्रारंभिक परीक्षा में सामान्य ज्ञान के 30 सवाल, सामान्य हिंदी के 20 और मुख्य विषय नर्सिंग के 120 प्रश्न होंगे।
तीन घंटे की होगी मुख्य परीक्षा
स्टाफ नर्स भर्ती की मुख्य परीक्षा तीन घंटे की होगी। कुल 85 अंकों का एक प्रश्नपत्र होगा। प्रश्न दो खंडों में विभाजित रहेंगे। खंड-अ में कुल पांच लघु उत्तरीय प्रश्न होंगे। सभी प्रश्न करना अनिवार्य है। प्रत्येक प्रश्न पांच अंकों का होगा और अधिकतम शब्द सीमा 125 होगी। वहीं, खंड-बी में कुल छह दीर्घ उत्तरीय प्रश्न होंगे। अभ्यर्थी को इनमें से कोई चार प्रश्न हल करने होंगे। प्रत्येक प्रश्न 15 अंकों का होगा और अधिकतम शब्द सीमा 300 होगी।
कई दूसरी भर्तियों के विज्ञापन भी जल्द
यूपीपीएससी ने बीते दिनों विभिन्न भर्तियों के संभावित विज्ञापनों के बारे में सूचना जारी की थी, जिनमें सहायक नगर नियोजक के 24 पदों, स्टाफ नर्स (पुरुष/महिला) के 2240 पदों, स्टाफ नर्स आयुर्वेद (पुरुष/महिला) के 300 पदों, भूतत्व एवं खनिकर्म विभाग में सहायक रसायनज्ञ के दो पदों, उत्तर प्रदेश आयुष (होम्योपैथी) विभाग में होम्याेपैथिक चिकित्साधिकारी के 54 पदों, उत्तर प्रदेश आयुष (होम्योपैथी) विभाग में विभिन्न विषयों में होम्योपैथिक प्रोफेसर के 27 पदों और प्रशिक्षण प्रभाग, राज्य नियोजन संस्थान में उप निदेशक के एक पद पर भर्ती शामिल है।
इन सभी भर्तियों के लिए अगस्त के दूसरे सप्ताह में विज्ञापन संभावित थे। अगस्त का दूसरा सप्ताह बीत चुका है। इनमें से सहायक नगर नियोजक परीक्षा-2023 का विज्ञापन जारी किया जा चुका है और स्टाफ नर्स (पुरुष/महिला) परीक्षा, 2023 का विज्ञापन सोमवार को जारी हो जाएगा। बाकी भर्तियों के विज्ञापन भी जल्द ही जारी होने की उम्मीद है।