पीसीएस-2018 की मुख्य परीक्षा के लिए आवेदन की तिथि 23 मई तक बढ़ा दी गई है जबकि फॉर्म में संशोधन की तिथि बढ़ाकर 24 मई की गई है। वेबसाइट ओवरलोड होने पर पांच सौ से अधिक अभ्यर्थियों के फॉर्म न भर पाने के कारण उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग ने यह निर्णय लिया है। अभ्यर्थियों ने आयोग में प्रत्यावेदन देकर आवेदन की तिथि बढ़ाने की मांग की थी।
पीसीएस-2018 की मुख्य परीक्षा के लिए आवेदन फॉर्म भरने की तिथि 16 मई निर्धारित थी। आयोग की वेबसाइट पर रात 12 बजे तक फॉर्म भरे जाने थे। पीसीएस मेंस में शामिल होने के लिए प्रारंभिक परीक्षा में 19096 अभ्यर्थियों को सफल घोषित किया गया था। इनमें से 18500 अभ्यर्थियों ने आवदेन फॉर्म भरे जबकि 596 फॉर्म नहीं भर सके थे। फॉर्म न भर पाने के कारण तमाम अभ्यर्थी मुख्य परीक्षा से वंचित हो रहे थे। दरअसल, ऑनलाइन आवेदन की अंतिम तिथि से एक दिन पहले आयोग की वेबसाइट पर लोड बढ़ गया था और वेबसाइट लगभग ठप हो गई थी।
फॉर्म भरने से वंचित रह गए अभ्यर्थियों ने आयोग में प्रत्यावेदन देकर आवेदन की अंतिम तिथि बढ़ाने की मांग की थी, जिसे आयोग ने मान लिया। आयोग के सचिव जगदीश के अनुसार मुख्य परीक्षा के लिए एक वैकल्पिक विषय एवं परीक्षा केंद्र के जिले का नाम ऑनलाइन भरने की अंतिम तिथि 16 मई से बढ़ाकर 23 मई की गई है। वहीं, सभी स्तरों पर ऑनलाइन सूचना भरने के बाद सब्मिट करने एवं फॉर्मसेट को मुद्रित करने और यदि कोई त्रुटि प्रकाश में आती है तो उसके संशोधन की तिथि 22 मई से बढ़ाकर 24 मई की गई है।
सचिव के अनुसार अभ्यर्थियों को 29 मई को शाम पांच बजे तक या उससे पहले ऑनलाइन भरे गए फॉर्मेट को मुद्रित करके सभी जरूरी संलग्नकों के साथ हार्डकॉपी को एक लिफाफे में रखकर उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग (परीक्षा अनुभाग-3), 10 कस्तूरबा गांधी मार्ग, प्रयागराज, पिन कोड नंबर-211018 के पते पर पंजीकृत डाक से भेजना है। अभ्यर्थी चाहें तो व्यक्तिगत रूप से आयोग के गेट नंबर-3 पर स्थित डाक अनुभाग के पूछताछ काउंटर पर भी हार्डकॉपी उपलब्ध करा सकते हैं। निर्धारित तिथि के बाद आवेदन पत्र स्वीकार नहीं किए जाएंगे।