सिविल लाइंस स्थित सृजन हॉस्पीटल के टेस्ट ट्यूब बेबी सेंटर में शुक्रवार को अमर उजाला अपराजिता: 100 मिलियन स्माइल के तहत स्वास्थ्य परीक्षण शिविर में बांझपन के अलावा मातृत्व की कमी से संबंधित जांच कराई गई। चिकित्सकों ने महिलाओं को तनाव से मुक्त रहने के साथ ही अनियमित दिनचर्या से बचाव की सलाह दी। इस स्वास्थ्य परीक्षण शिविर में 127 महिलाओं ने परीक्षण कराया।
अमर उजाला फाउंडेशन के सहयोग से अपराजिता के तहत आयोजित इस शिविर में पंजीकरण कराने वालों में मातृत्व सुख से वंचित महिलाओं की संख्या अधिक रही।अस्पताल की निदेशक और बांझपन, आईवीएफ विशेषज्ञ डॉ. सविता अग्रवाल के नेतृत्व में चिकित्सकों की टीम ने मरीजों का परीक्षण किया। साथ ही बीमारियों की रोकथाम के टिप्स भी दिए। बांझपन की शिकार महिलाओं की काउंसिलिंग कराई गई।
पता चला कि ज्यादातर महिलाओं को अनियमित दिनचर्या के साथ ही तनाव भी बना रहता है। काम का बोझ रहता है अलग से। डॉ. सविता के साथ पुरुष बांझपन और गुर्दा रोग विशेषज्ञ डॉ. विपुल टंडन ने भी दंपतियों को परामर्श दिया। टीम में डॉ. सपना, डॉ. नमिता,डॉ.मेहा अग्रवाल, डॉ. दीपाली श्रीवास्तव, नीतू, अनीश, सुमन आदि विशेषज्ञ मौजूद थे।