19 व 20 नवंबर को प्रदेश के छह शहरों में हुई थी परीक्षा,
प्रयागराज। प्रदेश शिक्षा सेवा चयन आयोग ने असिस्टेंट प्रोफेसर चयन परीक्षा के मास्टर सेट की प्रोविजनल उत्तरकुंजी अभ्यर्थियों के लिए जारी कर दिया है। अभ्यर्थी आयोग की आधिकारिक वेबसाइट https://upessc.up.gov.in पर जाकर इसका मिलान कर सकते हैं। आयोग के अध्यक्ष प्रशांत कुमार की ओर से इसकी जानकारी दी गई है। यह परीक्षा 19 और 20 नवंबर को प्रदेश के छह मंडल मुख्यालयों पर आयोजित कराई गई।
प्रदेश के अशासकीय सहायता प्राप्त माध्यमिक विद्यालयों में 1936 रिक्त पदों के लिए तकरीबन 1.27 लाख अभ्यर्थियों ने आवेदन किया था। आयोग के उप सचिव संजय कुमार सिंह ने प्रश्नगत परीक्षा से संबंधित अभ्यर्थियों को बताया है कि वे आयोग की वेबसाइट पर प्रदर्शित ऑनलाइन लिंक के माध्यम से अपना अनुक्रमांक एवं जन्मतिथि अंकित कर लॉगिन करने के उपरांत मास्टर सेट की प्रोविजनल उत्तरकुंजी के अनुसार अपने उत्तरों का मिलान कर लें। उन्होंने बताया कि यदि किसी अभ्यर्थी को मास्टर सेट की प्रोविजनल उत्तरकुंजी पर कोई आपत्ति हो, तो वे 22 नवंबर से 29 नवंबर की रात 11:59 बजे तक ऑनलाइन आपत्ति दर्ज करा सकते हैं।
उत्तरकुंजी पर प्रति प्रश्न आपत्ति दर्ज कराने के लिए 100 शुल्क निर्धारित किया गया है। विस्तृत दिशा-निर्देश आयोग की आधिकारिक वेबसाइट पर अपलोड कर दिए गए हैं। उन्होंने कहा कि निर्धारित ऑनलाइन लिंक के अतिरिक्त अन्य किसी भी माध्यम से प्राप्त होने वाली आपत्तियों पर आयोग द्वारा विचार नहीं किया जाएगा।