योगगुरु आनंद गिरि मामले में
आज तय होगी अगली तारीख
0 दो या तीन सप्ताह के भीतर ही हो सकती है सुनवाई
प्रयागराज। महिलाओं से अमर्यादित आचरण के आरोप में आस्ट्रेलिया के सिडनी में गिरफ्तार, बाद में रिहा योगगुरु स्वामी आनंद गिरि के मामले में सुनवाई के लिए अदालत शुक्रवार को अगली तारीख तय करेगी। इस तारीख पर उन पर लगे बाकी तीन आरोपों को खारिज करने के बारे में अदालत फैसला लेगी। हालांकि इसके लिए पहले सितंबर की तारीख तय की गई थी। लेकिन, स्वामी आनंद गिरि की अपील के बाद अदालत ने कहा कि शुक्रवार को ही सुनवाई की अगली तारीख बताने का अनुरोध मान लिया। माना जा रहा है कि दो या तीन सप्ताह के भीतर ही उन्हें सुनवाई तारीख मिल जाएगी।
इससे पहले बुधवार को अदालत ने पहली ‘मेंशन डेट’ यानी मामले को विचारार्थ स्वीकार करने की तारीख पर उन पर से कुल पांच में से दो आरोप हटा लिए थे। इससे उन्हें रोज-रोज पुलिस स्टेशन पर जाकर रिपोर्ट करने की अनिवार्यता से मुक्ति मिल गई थी लेकिन मामले को पूरी तरह खत्म करने से पहले अदालत बाकी तीन आरोपों पर भी सुनवाई करेगी।
इस दौरान आरोप लगाने वाली लड़कियों ने इस मामले से अपने को अलग कर लिया है। ऐसे में माना जा रहा है कि सुनवाई की अगली तारीख पर अदालत उन पर लगे बाकी आरोप भी हटा सकती है। बता दें, तकरीबन दो माह पहले सिडनी में योग एवं प्रवचन के बाद स्वामी आनंद गिरि भारत वापसी की तैयारी में थे, तभी उन पर उक्त आरोप लगाया गया, जिसके कारण उनकी वापसी पर रोक लग गई।