धूमनगंज में ट्रिपलआईटी चौराहे पर बुधवार सुबह अनियंत्रित डंफर ने दो युवकों को कुचल दिया। इसमें एक युवक की मौके पर मौत हो गई जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया। आरोपी चालक मौके से भाग निकला जिसके बाद आक्रोशित लोगों ने डंफर फूंकने की कोशिश की। पुलिस ने किसी तरह उन्हें समझाकर शांत कराया।
गुलफाम(19) पुत्र इमरान पीपलगांव का रहने वाला था। गांव के ही गुलफाम पुत्र जिनकू से उसकी गहरी दोस्ती थी। दोनों पेंटिंग का काम करते थे। बुधवार सुबह नौ बजे के करीब दोनों बाइक से किसी काम से ट्रिपलआई चौराहे की ओर आ रहे थे। अभी वह चौराहे के पास ही पहुंचे थे कि तभी पीछे से आए अनियंत्रित डंफर ने उनकी बाइक में टक्कर मार दी। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि जबरदस्त टक्कर से दोनों सड़क पर जा गिरे जिसके बाद डंफर उन्हें कुचलता हुआ निकल गया। इससे गुलफान पुत्र इमरान की मौके पर ही मौत हो गई जबकि उसका साथी गंभीर रूप से घायल हो गया। उधर आरोपी चालक डंफर छोड़कर मौके से भाग निकला। तब तक सूचना पर मृतक के परिजन भी पहुंच गए। आक्रोशित लोगों ने डंफर में आग लगाने की कोशिश की। सूचना पर पुलिस पहुंच गई। राजपपुर चौकी प्रभारी श्रवण निगम ने किसी तरह लोगों को समझाकर शांत कराया और तब जाकर आधे घंटे बाद शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। उधर हंगामे चलते चौराहे पर जाम की भी स्थिति बन गई थी। लोगों के शांत होने के बाद यातायात बहाल हो सका। उधर घायल गुलफाम को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया। पुलिस ने बताया कि आरोपी चालक की तलाश की जा रही है।