घूरपुर थाना क्षेत्र के पंवर गांव में शनिवार दोपहर तीन बजे बालू गिराकर जा रहा ट्रैक्टर धान की रोपाई करने जा रही 60 वर्षीय रामपती से टकरा गया। इस हादसे में रामपती की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद ग्रामीणों ने ट्रैक्टर चालक को पकड़ लिया।
सूचना मिलने पर घूरपुर पुलिस मौके पर पहुंची। इस दौरान परिजन हंगामा करने लगे। उन्होंने करीब चार घंटे तक शव को पोस्टमार्टम के लिए नहीं ले जाने दिया। परिजन ट्रैक्टर मालिक को मौके पर बुलाने की मांग पर अड़े रहे। इस कारण गौहनिया-कौंधियारा मार्ग पर काफी भीड़ लग गई। घूरपुर थाना प्रभारी अतुल कुमार मिश्रा ने पुलिस बल के साथ परिजनों को समझाने का प्रयास किया। पुलिस के समझाने के बाद परिजन शांत हुए। शाम करीब सात बजे शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया।