औद्योगिक क्षेत्र थाना अंतर्गत सरस्वती हाईटेक सिटी परिसर के पास से अंतरराज्यीय तस्कर बांदा के नारायणी थाना क्षेत्र के किदवई नगर निवासी आलोक त्रिपाठी को एक करोड़ की स्मैक के साथ गिरफ्तार किया गया है। नारकोटिक्स टास्क फोर्स, क्राइम ब्रांच और औद्योगिक क्षेत्र पुलिस की संयुक्त टीम ने शनिवार को उसे पकड़ा।
तस्कर इंफाल से स्मैक लाकर प्रदेश के विभिन्न जिलों में सप्लाई करता था। उसके पास से 515 ग्राम स्मैक मिली है। इसकी कीमत 1.3 करोड़ रुपये आंकी गई है।
मादक पदार्थ के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत नारकोटिक्स टास्क फोर्स, क्राइम ब्रांच और औद्योगिक क्षेत्र पुलिस की संयुक्त टीम ने चेकिंग अभियान चलाया था। टीम को तस्कर के आने की सूचना था। इसके बाद सरस्वती हाईटेक सिटी के पास राज्य विश्वविद्यालय के पीछे एक युवक संदिग्ध अवस्था में दिखाई पड़ा।
पुलिस ने उसे घेर कर पकड़ा। आरोपी की पहचान आलोक त्रिपाठी के रूप में हुई। तलाशी के दौरान उसके पास से 515 ग्राम स्मैक और 7060 रुपये मिले। उसके पास से एक मोबाइल फोन बिना सिम के बरामद की गई।
एसओ औद्योगिक क्षेत्र कमलेश कुमार पटेल का कहना है कि आलोक त्रिपाठी ने बताया कि वह स्मैक इंफाल से ट्रकों से मंगवाता था। इसे वह प्रदेशभर में सप्लाई करता था।
वर्ष 2020 में दिल्ली के रोहिणी थाना पुलिस की ओर से तीन करोड़ की स्मैक के साथ आरोपी को गिरफ्तार किया गया था। बरामद मोबाइल फोन के विषय में तस्कर ने बताया कि वह पकड़े जाने के डर से फोन में सिम नहीं लगाता था। फोन को राउटर के माध्यम से चलाता था और व्हाट्सएप पर ही बात करता था।