An accused in the attack on property dealer in custody
प्रयागराज। कीडगंज में ओडी फोर्ट चौराहे पर फॉर्च्यूनर से जा रहे प्रॉपर्टी डीलर आशीष सिंह को घेरकर फायरिंग मामले के एक नामजद आरोपी गुड्डू को पकड़ लिया गया है। उससे पूछताछ में पता चला है कि घटना वाले दिन दोपहर में भी प्रॉपर्टी डीलर व मुख्य आरोपी अंशू मिश्रा के बीच फोन पर जमकर गालीगलौच हुई थी।
नैनी में गंगापुरम कॉलोनी का रहने वाला आशीष सिंह(38) पुत्र सुरेश प्रताप सिंह प्रॉपर्टी डीलर है। 16 जुलाई की शाम वह झूंसी अपनी फॉर्च्यूनर से जा रहा था तभी ओडी फोर्ट चौराहे पर स्कॉर्पियो व सफारीसवार बदमाशों ने ओवरटेक कर उस पर फायरिंग की थी। जिसमें उसे चार गोलियां लगी थीं। मामले में नैनी निवासी अंशू मिश्रा, गुड्डू व जीतू को नामजद करते हुए चार अज्ञात पर भी रिपोर्ट दर्ज की गई थी। नवगठित व्यापारी सुरक्षा प्रकोष्ठ ने बृहस्पतिवार को इस मामले में गुड्डू को नैनी से पकड़ लिया।
सूत्रों की मानें तो पूछताछ में उसने बताया है कि घायल प्रॉपर्टी डीलर व मुख्य आरोपी अंशू के बीच एक दिन पहले महेवा स्थित ढाबे में जमकर विवाद हुआ था। जिसमें उसने बीचबचाव कर किसी तरह मामला शांत कराया था। उसका यह भी कहना है कि झगड़े के अगले दिन आशीष अपने साथियों संग उसके भाई की दुकान पर आया था। कुछ देर वहां रुकने के बाद उसने वहीं से अंशू को फोन किया था जिस दौरान दोनों के बीच जमकर गालीगलौच हुई थी। हालांकि शाम को आशीष पर हुए हमले के मामले के बारे में कोई जानकारी न होने की बात कहते हुए उसने खुद को निर्दोष बताया। हालांकि कीडगंज पुलिस उसके पकड़े जाने के बाबत इंकार करती रही। सीओ अमित आनंद ने बताया कि आरोपियों की तलाश की जा रही है।