पटना के राजेंद्र नगर से नई दिल्ली के बीच शुरू हो रही अमृत भारत ट्रेन का उत्तर मध्य रेलवे (एनसीआर) के सूबेदारगंज और गोविंदपुरी स्टेशन पर ही ठहराव होगा। सूबेदारगंज ओर गोविंदपुरी रेलवे स्टेशन क्रमश: प्रयागराज और कानपुर के सेटेलाइट स्टेशन के रूप में जाने जाते हैं। राजेंद्र नगर-नई दिल्ली अमृत भारत एक्सप्रेस का नियमित संचालन 31 जुलाई को राजेंद्र नगर से एवं एक अगस्त को नई दिल्ली रेलवे स्टेशन से शुरू होगा। इसकी समय सारिणी जारी हो गई है।
राजेंद्र नगर से गाड़ी (22361) शाम 7:45 बजे चलने के बाद पटना, दानापुर, आरा, बक्सर, पंडित दीन दयाल उपाध्याय जंक्शन रुकते हुए रात 2:00-2:05 बजे सूबेदारगंज और सुबह 4:25-4:30 बजे गोविंदपुरी पहुंच जाएगी। गाजियाबाद रुकते हुए दोपहर 1:10 बजे ट्रेन नई दिल्ली पहुंचेगी। इसी तरह नई दिल्ली से शाम 7:10 बजे चलने के बाद ट्रेन रात 12:25-12:30 बजे गोविंदपुरी एवं रात 3:00-3:05 बजे सूबेदारगंज और सुबह 11:45 बजे राजेंद्र नगर टर्मिनल पहुंच जाएगी। एनसीआर के सीपीआरओ शशिकांत त्रिपाठी ने बताया, 22 कोच की इस ट्रेन में स्लीपर के आठ, सामान्य श्रेणी के 11, एसएलआर के दो एवं एक कोच पैंट्रीकार का रहेगा।