शासकीय अधिवक्ता आफिस में लगी आग, नहीं पहुंच सका दमकल
इलाहाबाद हाईकोर्ट केसामने स्थित नौ मंजिला महाधिवक्ता भवन के भूतल पर स्थित शासकीय अधिवक्ता के कार्यालय में शुक्रवार को आग लग गई। आग शार्ट सर्किट होने की वजह से लगना बताया जा रहा है।
कार्यालय के अधिकारियों ने दमकल बुलाया लेकिन गाडिय़ों की सड़क पर ही बेतरतीब पार्किंग के चलते दमकल नहीं पहुंच पाया। वहां मौजूद वकीलों व शासकीय कर्मचारियों ने किसी तरह समय रहते आग पर काबू पा लिया। वहां के कर्मचारियों के बीच इस बात की चर्चा रही कि अगर आग पर काबू नहीं पाया गया होता तो न केवल जानमाल का नुकसान होता बल्कि तमाम सरकारी रिकार्ड नष्ट हो सकते थे।
उत्तर प्रदेश के महाधिवक्ता का कार्यालय इलाहाबाद हाईकोर्ट से सटा सड़क पार दक्षिण साइड में स्थित है। यह भवन नौ मंजिला है। इसमें महाधिवक्ता, अपर महाधिवक्ताओं के अलावा सैकड़ों की संख्या में सरकारी वकीलों व अन्य कर्मचारियों के चैम्बर है। सरकारी फाइलों का रिकार्ड भी इसी भवन में रखा है। आज घटी इन घटनाओं से सरकार ने सबक नहीं लिया तो वाहनों की पहुंच न होने से कभी भी कोई बड़ी घटना हो सकती है।